हिमाचल प्रदेश

शहीदों का मान-सम्मान ही सच्ची श्रद्धांजलि : पठानिया

शाहपुर

सैनिकों के मान-सम्मान के प्रति प्रदेश सरकार पूरी तरह वचनबद्ध है। शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि उनके नाम और कार्यों को सदा जीवंत रखा जाए। यह बात शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने आज बंडी में शहीद नायब सुबेदार विनोद कुमार प्रवेश द्वार का लोकार्पण करते हुए कही।

विधायक पठानिया ने कहा कि वर्षों तक कई जनप्रतिनिधियों ने इस क्षेत्र का नेतृत्व किया, लेकिन किसी ने भी शहीद के नाम पर प्रवेश द्वार निर्माण की पहल नहीं की। उन्होंने कहा कि मेरे लिए यह सौभाग्य की बात है कि शहीद नायब सूबेदार विनोद कुमार के नाम पर यह प्रवेश द्वार बनवाया गया है। यह गेट आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान की याद दिलाता रहेगा।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश की आजादी के संघर्ष से लेकर समाज के सशक्तिकरण तक हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। स्थानीय विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए पठानिया ने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में इस पंचायत क्षेत्र में लगभग 43.50 लाख की राशि विभिन्न योजनाओं पर व्यय की गई है। हिमाचल वीरभूमि है, और शहीद प्रवेश द्वार के निर्माण हेतु समुचित धनराशि उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करता हूं।

नायब सूबेदार विनोद कुमार पुत्र स्व. जैसी राम ने 14 फरवरी 1980 को असम राइफल्स में भर्ती होकर देश सेवा का संकल्प लिया था। उन्होंने 31 मई 2004 को भारत-म्यांमार सीमा पर दुश्मनों से लोहा लेते हुए वीरगति प्राप्त की।

शहीद के बड़े भाई रवि कुमार ने प्रवेश द्वार के निर्माण के लिए विधायक पठानिया का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में स्थानीय पंचायत प्रधान अश्वनी कुमार ने विधायक का स्वागत किया।इस अवसर पर शहीद की धर्मपत्नी वीना देवी, बेटियां गुलशन व पूजा, कांग्रेस नेता डी.डी. शर्मा, बीडीओ रैत कमलजीत, अधिशासी अभियंता अमित डोगरा (जलशक्ति), अंकज सूद (लोक निर्माण), सहायक अभियंता बलवीत सिंह, जेई देवव्रत, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, सेवानिवृत्त मेजर कुलदीप सिंह, कैप्टन बलिराम, पूर्व प्रधान बलवीर चौधरी, राजेंद्र कुमार, कांता देवी, नीलम, सत्या देवी, रमेश चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!