विज्ञान प्रदर्शनी में घाड़ के विद्यार्थियों ने जाने वैज्ञानिक के रोचक अनुभव
पालमपुर
पालमपुर विज्ञान केन्द्र की ओर से सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घाड़ में भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया। यह भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी बस राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद की एक विशेष पहल है, इसका मुख्य उद्देश्य विज्ञान को सरल ओर रोचक तरीके से ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचाना है।

विज्ञान के मॉडलों और प्रदर्शनों से सुसज्जित यह बस विभिन्न विद्यालयों में जाकर छात्रों को वैज्ञानिक प्रयोगों, सिद्धांतों और आविष्कारों से अवगत कराती है। इससे उन विद्यार्थियों को भी विज्ञान सीखने और समझने का अवसर मिलता है, जो स्वयं विज्ञान केन्द्र तक नहीं पहुँच पाते।

कार्यक्रम के दौरान विज्ञान संचारक दिनेश कुमार ने विद्यार्थियों को विभिन्न मॉडलों और प्रदर्शों के बारे में आसान और मनोरंजक तरीके से समझाया। छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विज्ञान संबंधी कई नई बातें सीखीं, जिससे उनकी जिज्ञासा, तार्किक सोच और नवाचार की भावना को बढ़ावा मिला। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना और उन्हें यह समझाना है कि विज्ञान हमारे दैनिक जीवन से कैसे जुड़ा है।

ज्ञात रहे कि भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी विज्ञान केंद्र की एक नई पहल है जिसमें विज्ञान केंद्र तक नहीं पहुंच पाने वाले नागरिकों, गांवों, विद्यालयों में भी विज्ञान चेतना के प्रसार और विज्ञान केंद्र की गतिविधियों को लेकर जाने का लक्ष्य रखा गया है।



