कंडबाड़ी में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों ने किया मॉडलों का अवलोकन
पालमपुर
पालमपुर विज्ञान केन्द्र की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कण्डबाड़ी में भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद की एक विशेष पहल है, जिसका उद्देश्य विज्ञान को सरल और रोचक तरीके से ग्रामीण तथा दूरदराज़ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक पहुंचाना है।

पालमपुर विज्ञान केन्द्र निरंतर भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी जैसी गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में विज्ञान जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यरत है। इस पहल से उन विद्यार्थियों को भी विज्ञान सीखने और समझने का अवसर मिल रहा है, जो स्वयं विज्ञान केन्द्र तक नहीं पहुंच पाते हैं।

भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी बस में प्रदर्शित विविध वैज्ञानिक मॉडल एवं प्रदर्शनियां विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केन्द्र रही। विद्यार्थियों ने इन मॉडलों का उत्साहपूर्वक अवलोकन किया तथा विज्ञान से संबंधित अनेक नई एवं रोचक जानकारियां प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान विज्ञान संचारक दिनेश कुमार ने विद्यार्थियों को विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों और सिद्धांतों को बहुत ही सरल एवं स्पष्ट तरीके से समझाया, जिससे छात्रों में जिज्ञासा, तार्किक सोच एवं नवाचार की भावना को प्रोत्साहन मिला। प्रदर्शनी के माध्यम से छात्रों को विज्ञान के मूल सिद्धांतों को नज़दीक से समझने और उन्हें दैनिक जीवन से जोड़कर देखने का अवसर प्राप्त हुआ।

पालमपुर विज्ञान केन्द्र की इस नई पहल का मुख्य उद्देश्य विज्ञान चेतना का प्रसार करना तथा समाज के सभी वर्गों, विशेषकर विद्यालय स्तर के बच्चों, में विज्ञान के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है।



