यूथशिक्षाहिमाचल प्रदेश

गवाल टिक्कर में आकर्षण का केंद्र रहे भौतिक, रासायनिक, प्रकाश, ऊर्जा के विज्ञान मॉडल

पालमपुर

पालमपुर विज्ञान केन्द्र की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गवाल टिक्कर में भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य विज्ञान को सरल, रोचक और व्यावहारिक रूप में ग्रामीण एवं दूरदराज़ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक पहुंचाना है। इससे उन विद्यार्थियों को भी विज्ञान सीखने और समझने का अवसर प्राप्त होता है जो स्वयं विज्ञान केन्द्र तक नहीं पहुंच पाते है।

विज्ञान संचारक दिनेश कुमार ने भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी बस में प्रदर्शित विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों और प्रदर्शनों के बारे में विद्यार्थियों को सरल और स्पष्ट भाषा में जानकारी दी तथा उनसे जुड़े वैज्ञानिक सिद्धांतों और उपयोगों को रोचक तरीके से समझाया। विज्ञान की प्रस्तुति से छात्रों में जिज्ञासा, तार्किक सोच तथा नवाचार की भावना को प्रोत्साहन मिला। विद्यार्थियों ने इन मॉडलों का उत्साहपूर्वक अवलोकन किया तथा विज्ञान से संबंधित कई नई और उपयोगी जानकारियां प्राप्त की। विशेष रूप से भौतिक, रासायनिक, प्रकाश, ऊर्जा तथा दैनिक जीवन से जुड़े विज्ञान मॉडल छात्रों के लिए आकर्षण का केन्द्र रहे।

विद्यालय प्रशासन और अध्यापक वर्ग ने इस प्रदर्शनी की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में विज्ञान के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

पालमपुर विज्ञान केन्द्र की इस नई पहल का मुख्य उद्देश्य विज्ञान चेतना का प्रसार करना तथा समाज के सभी वर्गों, विशेषकर विद्यालय स्तर के बच्चों, में विज्ञान के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!