धर्मशाला
धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में 14 दिसंबर को प्रस्तावित भारत-दक्षिण अफ्रीका T-20 क्रिकेट मैच के लिए तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। मैच के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसी कड़ी में शनिवार को धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में जिला प्रशासन और HPCA के अधिकारियों के बीच तैयारियों को लेकर आवश्यक बैठक हुई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि टी-20 के तहत 14 दिसंबर को धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में उपायुक्त बैरवा ने मैच के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पुख्ता कदम उठाने के निर्देश दिए गए। साथ ही आयोजन के संदर्भ में कानून, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, सड़कों की मुरम्मत, शहर की साफ-सफाई और अग्निशमन सेवाओं इत्यादि सहित अन्य संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। हेमराज बैरवा ने संबंधित विभागों को मैच के आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए।
हेमराज बैरवा ने पुलिस विभाग को कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित बनाने के निर्देश देते हुए लोक निर्माण विभाग को धर्मशाला के आस-पास के क्षेत्र में मुरम्मत योग्य सड़कों का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। मैच से पहले धर्मशाला और इसके आसपास के क्षेत्रों की सड़कें तथा लाइट व्यवस्था चकाचक होंगी। पेयजल, पार्किंग की बेहतर व्यवस्था के लिए भी प्लान तैयार किया गया है।

एसीटूडीसी ने कहा कि मैच के आयोजन के दौरान वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्थलों की नम्बरिंग करके दिशा सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे। उन्होंने लोगों की सुविधा के लिए निकासी गेटों से पार्किंग स्थलों तक दिशा सूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को स्टेडियम में अग्नि संबंधी आपातकालीन प्रबंधों का निरीक्षण करने तथा आवश्यक अग्निशमन सेवाएं सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम शिल्पी बेक्टा, एएसपी राजेंद्र जस्वाल, एसडीएम मोहित रत्न ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्लान, पार्किंग इत्यादि के प्लान को लेकर विस्तार से जानकारी दी। बैठक में एचपीसीए के प्रबंधकों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



