विधायक सुधीर का सरकार पर तीखा हमला; कहा बुजुर्गों को कुचलने पर तुली सरकार
कहा, कांग्रेस की जीत का बयान देने पर अपनी किरकिरी करवा चुके सुक्खू

धर्मशाला
प्रदेश के हजारों पेंशनरों ने कांग्रेस नीत सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार के खिलाफ मांगों के समर्थन में आंदोलन का बिगुल फूंका है, लेकिन सरकार पेंशनरों से इतनी डरी हुई है कि रैली से कुछ घंटे पहले ही आयोजकों को प्रदर्शन स्थल जोरावर मैदान से पुलिस मैदान शिफ्ट करने को कहा गया है। यह इस नाकाम सरकार की हताशा है। यह तीखा हमला भाजपा नेता और धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने वीरवार को धर्मशाला से जारी बयान में कही। सुधीर शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले 28 नवंबर को धर्मशाला के तपोवन स्थित विधानसभा के बाहर जोरावर स्टेडियम से प्रदर्शन होगा और मंत्रियों का घेराव किया जाना है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि पेंशनरों के 14 सूत्रीय मांगपत्र में 18 मांगों का उल्लेख है। ये सभी मांगें जायज हैं, इसमें 18 संगठनों की मांगों का उल्लेख किया है। हैरानी की बात है कि सरकार ने अभी तक पेंशनरों को वार्ता के लिए नहीं बुलाया है। आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की न नीति ठीक है और न ही नीयत। अब पेंशनर जब अपनी मांगें रखने के लिए तपोवन में विधानसभा के शीत सत्र में आ रहे हैं, तो उन्हें परेशां किया जा रहा है। जोरावर मैदान पुलिस ग्राउंड से काफी दूर है। यह सीधे-सीधे पेंशनरों का कुचलने का प्रयास है। भाजपा इन सभी पेंशनरों के साथ खड़ी है।
जीत की बात कहकर हंसी का पात्र बने मुख्यमंत्री
सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला आते ही मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस हॉट सीट पर आगामी चुनावों में जीत दर्ज करने की बात कही। इस बयान पर सोशल मीडिया में हजारों लोगों ने कमेंट किए थे। इससे सरकार को धर्मशाला में कांग्रेस के नाकाम नेताओं और संगठन का पता चल गया होगा।

सफेद हाथी बना क्लॉक टावर
एक तरफ विधानसभा का शीत सत्र चल रहा है, देश दुनिया की नजर धर्मशाला पर है, लेकिन तपोवन के प्रवेशद्वार सिद्धबाड़ी का क्लॉक टावर बेहद दयनीय हालत में है। इस टावर की चारों घडिय़ां अलग-अलग समय बता रही हैं। यह धर्मशाला नगर निगम और जिला प्रशासन की बड़ी नालायकी है।
“कांग्रेस सरकार पेंशनरों के धरने का स्थल जोरावर मैदान से पुलिस मैदान करके उनके साथ धोखा कर रही है। हम स्मार्ट सिटी बना रहे थे, लेकिन अब हालात यह हैं कि सिद्धबाड़ी का क्लॉक टावर अपनी चारों घड़ियों पर अलग समय दिखा रहा है। इसकी हालत भी कांग्रेस की तरह हो गई है। -सुधीर शर्मा, भाजपा नेता और धर्मशाला से विधायक”



