धर्मशाला को मिला अत्याधुनिक हब, धर्मशाला मैराथन-2025 की आधिकारिक जर्सी भी लांच
मुख्यमंत्री ने कहा, प्रदेश सरकार जन सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध
धर्मशाला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को कांगड़ा जिला के धर्मशाला में 24.47 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित समृद्धि भवन का लोकार्पण किया। इस भवन के निर्मित होने से क्षेत्र के लोगों को आधुनिक व सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध होंगी। भूकंप ज़ोन-5 को ध्यान में रखते हुए इस भवन को बेहतरीन अधोसंरचना के साथ डिज़ाइन किया गया है, जिससे भवन की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। 2,511 वर्ग मीटर क्षेत्र में निर्मित इस भवन में एक धरातल तल, चार मंजिले और दो बेसमेंट हैं। बेसमेंट में 80 गाड़ियों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी, जिसमें स्टाफ़ और आम जनता के वाहनों के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं।

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस भवन में स्मोक डिटेक्टर के साथ अग्निशमन के पुख्ता इंतज़ाम, 50 किलोवाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट, रेनवाटर हार्वेस्टिंग टैंक, 30,000-लीटर की जल संग्रहण क्षमता, डीजी सेट और इंटरकॉम की सुविधाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक निपुणता, नागरिक सेवाओं और सतत प्रशासन के लिए एक अत्याधुनिक हब के तौर पर समृद्धि भवन के महत्त्व पर बल देते हुए कहा कि यह भवन महत्त्वपूर्ण स्थान पर स्थित है और इससे धर्मशाला में विभिन्न कामकाज सुविधाजनक होंगे। यह भवन राज्य में शहरी अधोसंरचना परियोजनाओं के लिए एक मॉडल के रूप में भी स्थापित होगा।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने धर्मशाला में मैराथन-2025 की आधिकारिक जर्सी भी लांच की। यह आयोजन 25 दिसम्बर, 2025 को प्रस्तावित है। इस आयोजन का उद्देश्य शारीरिक तंदरुस्ती को बढ़ावा देना, खेल पर्यटन को सशक्त बनाना और धौलाधार की मनोरम पहाड़ियों की सुंदरता को उजागर करना है। उपस्थित लोगों ने धौलाधार पर्वतमाला तथा क्षेत्र की जीवंत सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित जर्सी के डिज़ाईन की सराहना की।

नगर निगम धर्मशाला द्वारा ज़िला प्रशासन कांगड़ा के सहयोग से आयोजित इस मैराथन का उद्देश्य स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को प्रोत्साहित करना तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को प्रेरित करना है। मुख्यमंत्री ने नगर निगम धर्मशाला के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह जर्सी केवल खेल विशेष नहीं है, बल्कि इस मैराथन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए सम्मान का प्रतीक है। इच्छुक उम्मीदवार मैराथन (42.195 किलोमीटर), हाफ मैराथन (21.075 किलोमीटर) एवं अन्य कम दूरी की श्रेणियों के लिए धर्मशाला मैराथन की आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण करवा सकते हैं।
इस अवसर पर पूर्व सांसद विप्लव ठाकुर, नगर निगम धर्मशाला की महापौर नीनू शर्मा, पूर्व महापौर देवेन्द्र जग्गी, उपायुक्त हेमराज बैरवा, नगर निगम के आयुक्त जफ़र इकबाल, पुलिस अधीक्षक अशोक रतन और नगर निगम के पार्षदगण भी उपस्थित रहे।



