जोरावर स्टेडियम में उग्र प्रदर्शन, पुलिस ने किया बल प्रयोग
ABVP के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला
धर्मशाला
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान 4 दिसंबर को भारतीय जनता पार्टी की ओर से होने वाले प्रदर्शन से पूर्व बुधवार दोपहर को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने बेरोजगारी, प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था सहित विभिन्न मांगों को लेकर जोरावर स्टेडियम में उग्र प्रदर्शन किया।

छात्रों के इस प्रदर्शन को देखते हुए भारी पुलिस बल और SDRF के जवान तैनात रहे। स्थिति पर नियंत्रण रखने के लिए पुलिस ने जोरावर स्टेडियम के सामने बैरिकेड्स लगा दिए। प्रदर्शन के दौरान ABVP के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला और नारे लगाए। काफी देर तक माहाैल तनावपूर्ण बना रहा।

प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए भारी संख्या संख्या में पहुंचे छात्रों को रास्ता अवरुद्ध ना हो, इसके लिए उन्हें जोरावर स्टेडियम के अंदर भेजा गया, लेकिन कुछ प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश करने लगे। इस पर पुलिस जवानों को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। ऐसे में धक्का-मुक्की हुई तो कई प्रदर्शनकारी जमीन पर गिर गए।

प्रदर्शनकारियों को विधानसभा की ओर बढ़ने से रोकने के लिए कुछ पर लाठियां भी भांजनी पड़ी। इस दौरान 3-4 प्रदर्शनकारियों को हल्की चोटें आई।



