धर्मशाला में 25 को ‘धर्मशाला मैराथन’, देश-विदेश के धावक होंगे
आयुक्त जफर इकबाल ने कहा, मैराथन केवल एक खेल नहीं बल्कि खेल पर्यटन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
धर्मशाला।
नगर निगम धर्मशाला एवं जिला प्रशासन धर्मशाला की ओर से बिगफुट एडवेंचर इंडिया के सहयोग से 25 दिसंबर को धर्मशाला मैराथन-2025 का भव्य रूप आयोजन से किया जा रहा है। मैराथन में देश-विदेश से हजारों धावकों के शामिल होने की उम्मीद है।
आयुक्त नगर निगम जफर इकबाल ने मैराथन के आयोजन के सम्बन्ध में जिला अधिकारियों के साथ सोमवार को नगर निगम के समृद्धि भवन में आयोजित बैठक के दौरान कहा कि यह मैराथन केवल एक खेल कार्यक्रम नहीं बल्कि धर्मशाला को खेल पर्यटन का प्रमुख गंतव्य बनाने की दिशा में यह आयोजन एक महत्वपूर्ण कदम है।

आयुक्त ने कहा कि इवेंट की शुरुआत साईं एथलेटिक मैदान से होगी। इसमें 3 किलोमीटर, 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर, हाफ मैराथन और फुल मैराथन की श्रेणियां होगी। धावकों को इवेंट टी-शर्ट, फिनिशर मेडल, हाइड्रेशन सपोर्ट इत्यादि सुविधायें उपलब्ध करवाई जाएंगी। 3 से 5 किलोमीटर के स्कूली और कॉलेज धावकों को पंजीकरण शुल्क में 100 प्रतिशत छूट, जबकि 10 और इससे अधिक किलोमीटर के स्कूली और कॉलेज धावकों को पंजीकरण शुल्क में 50 प्रतिशत छूट दी जाएगी। आयुक्त ने आम जनता से आग्रह किया कि इस आयोजन में सक्रिय सहयोग कर इसे धर्मशाला की पहचान बनाने में योगदान दें।

जफर इकबाल ने कहा कि हमारा प्रयास है कि धावकों को विश्वस्तरीय अनुभव मिले। मैराथन साई स्टेडियम से शुरू होकर चरान-दाड़ी-रक्कड़-खनियारा-कोतवाली बाजार-चीलगाड़ी होते हुए यह मैराथन साईं स्टेडियम में ही समाप्त होगी। मैराथन में स्कूली और काॅलेज तथा विभिन्न संस्थानों के बच्चों सहित पुलिस, भारतीय सेना के जवान सहित आमजन भी भाग लेंगे।
बैठक में मार्ग प्रबंधन, मेडिकल स्पोर्ट, पुलिस प्रबन्धन, होटल एसोसिएशन सहित विभिन्न एनजीओ के सहयोग इत्यादि सहित अन्य तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीर बहादुर, डिप्टी कमांडेंट पुलिस लाइन सकोह बद्री सिंह, एसडीएम मोहित रत्न, सीएमओ विवेक करोल, सहायक आयुक्त फूड सेफ्टी मनजीत सिंह, उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा अजय सिंह, डिप्टी डीईओ अश्वनी कुमार, नोडल अधिकारी उच्च शिक्षा सुधीर भाटिया, जिला पर्यटन अधिकारी विनय धीमान, साई अथॉरिटी से अंकुर कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



