मुकेश अग्निहोत्री-जेपी नड्डा साथ साथ!
शिमला।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शिमला में जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट रोड पर बढ़ैहरी के पास बनने वाले भाजपा के नए प्रदेश मुख्यालय भवन का शिलान्यास करेंगे। इसी के साथ जेपी नड्डा हिमाचल में सुख की सरकार के 3 साल पूरे होने पर मंडी में किए गए जन संकल्प सम्मेलन का भी जवाब देंगे। कुल मिला कर कह सकते हैं कि जेपी नड्डा एक तीर से कई निशाने साधेंगे।

आपको बता दें कि जेपी नड्डा शुक्रवार शाम को शिमला पहुंचे और देर शाम उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के आवास पहुंचे। इस मौके पर जेपी नड्डा ने मुकेश अग्निहोत्री की बेटी डॉ. आस्था अग्निहोत्री और सचिन शर्मा के विवाह पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुकेश अग्निहोत्री ने जेपी नड्डा का आभार जताया।
अपने दौरे के बीच समय निकालकर जेपी नड्डा का उपमुख्यमंत्री के घर पहुंचना सौहार्द्र और सद्भाव का प्रतीक रहा। मुलाकात के दौरान दोनों वरिष्ठ नेताओं ने अपने राजनीतिक एवं निजी अनुभवों को साझा किया तथा पुराने दिनों की स्मृतियों को 7ताज़ा किया।
इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पत्नी, स्वर्गीय प्रो. सिमी अग्निहोत्री को श्रद्धापूर्वक याद किया और परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। दोनों नेताओं की यह भेंट प्रदेश की राजनीतिक मर्यादा, आपसी सम्मान और सौहार्द की मजबूत परंपरा को दर्शाती है।



