हरिपुरधार : 100 फुट गहरी खाई में गिरी बस, 12 लोगों की मौत
सिरमौर जिले के हरिपुरधार के पास 100 से 150 मीटर गहरी खाई में गिरी बस, 45 से ज्यादा लोग थे सवार

शिमला/ सिरमौर।
हिमाचल प्रदेश में आज शुक्रवार ब्लैक फ्राइडे बनकर आया। सिरमौर जिले के हरिपुरधार हरिपुरधार के पास एक निजी बस 100 से 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 37 लोग घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोग हादसे में घायलों को बाहर सड़क तक लेकर आ रहे हैं। घटना के बाद मौके पर चीखों पुकार मची है। हादसा इतना भयानक था कि बस के परखच्चे उड़ गए। घायलों को घटनास्थल से निकालकर उपचार के अस्पताल पहुंचाया गया। बचाव कार्य तेजी से चलाया गया। बताया जा रहा है कि यह बस कुपवी से शिमला जा रही थी और बस में 45 से ज्यादा सवारियां थीं।
निश्चिंत सिंह नेगी पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने कहा कि सिरमौर जिले में हरिपुरधार के पास कुपवी से शिमला जा रही एक प्राइवेट बस के सड़क से नीचे गिरने से हुए हादसे में अभी तक 9 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। बस में 30-35 लोग सवार थे। वह मौके पर जा रहे हैं। पुलिस और दूसरी बचाव टीमें घायलों को निकालने की कोशिश कर रही हैं।
उद्योग मंत्री ने जताया शोक
हरिपुरधार में शुक्रवार दोपहर बाद एक निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए। घटना के बाद राहत बचाव कार्य जारी है। गंभीर रूप से घायल पांच मरीजों को उपचार के लिए हायर संगड़ाह, ददाहू और नाहन लाया जा रहा है। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने दुर्घटना पर सरकार की ओर से शोक जताते हुए मेडिकल कॉलेज नाहन में गंभीर रूप से लाए जा रहे मरीजों के उपचार के लेकर उचित व्यवस्था के निर्देश दिए। कुछ लोग राजगढ़ और ददाहू रेफर किए गए हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने जताया दुःख
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि हरिपुरधार में बस दुर्घटना की खबर बहुत ही दुःखद खबर है। इस घटना ने झकझोर दिया है। इस दुःख की घड़ी में आगामी सभी कार्यक्रम तत्काल प्रभाव से रद्द करने का निर्णय लिया है। लोगों से अपील की है कि कठिन समय में हम सभी का कर्तव्य है कि एकजुट होकर मानवता के नाते अपना दायित्व निभाएं।

मुख्यमंत्री ने दुर्घटना पर जताया शोक
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हरिपुरधार के पास एक निजी बस दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बस शिमला से राजगढ़ होते हुए कुपवी जा रही थी, तभी वह सड़क से उतरकर एक गहरी खाई में गिर गई। मुख्यमंत्री ने जिला अधिकारियों को मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान करने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
उपमुख्यमंत्री ने जताया शोक
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लिखा, ‘सिरमौर जिले के हरिपुरधार में एक निजी बस के गहरी खाई में उतरने से 12 लोगों के निधन एवं कई यात्रियों के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। हादसे में मारे गए लोगों को ईश्वर अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोकाकुल परिवारों को अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। प्रशासन राहत कार्यों के लिए मौके पर पहुंच चुका है। ॐ शांति।’

नेता प्रतिपक्ष ने जताया शोक
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बस हादसे पर दुःख जताया है। जयराम ठाकुर ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘सिरमौर जिले के हरिपुरधार क्षेत्र में निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना बहुत दुःखद है। इस भीषण हादसे में कई लोगों के हताहत होने की सूचना अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दें साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’
19 लोग मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर
हरिपुरधार में हुई बस दुर्घटना में कुछ घायल लोग राजगढ़ कुछ ददाहू रेफर किए गए हैं। मेडिकल कालेज में तैयारियां उपचार के लिए पूरी कर दी गई हैं। उद्योग मंत्री खुद मेडिकल कॉलेज में डटे हैं। उद्योग मंत्री ने 12 लोगों की मौत की पुष्टि की है।

पंचायतीराज मंत्री ने जताया दुःख
पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘शिमला से हरिपुरधार जा रही एक प्राइवेट बस के सिरमौर ज़िले के हरिपुरधार में दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर, जिसमें कई लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए, बहुत दुखद है। इस दुखद घटना से पूरे इलाके में मातम छा गया है। घटना के बाद, स्थानीय प्रशासन, पुलिस और निवासियों ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया। मैं दिवंगत आत्माओं की शांति, घायलों के जल्द स्वस्थ होने और शोक संतप्त परिवारों को शक्ति मिलने की प्रार्थना करता हूं। राज्य सरकार दुख की इस घड़ी में सभी प्रभावित परिवारों के साथ मज़बूती से खड़ी है।’

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुःख, हर मृतक के परिवार को 2 लाख रुपए की मदद की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर सिरमौर हादसे पर दुःख जताया है। प्रधानमंत्री ने लिखा कि हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में बस हादसे में हुई मौतों से बहुत दुःख हुआ है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से हर मृतक के परिवार को 2 लाख रुपए की मदद दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।



