मंडी महाशिवरात्रि: नेता प्रतिपक्ष जयराम ने किया राज्यपाल का स्वागत

मंडी।
मंडी में अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव के पावन अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल का आगमन हुआ। जनपद की पावन नगरी में पधारने पर समस्त क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा उनका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस विशेष अवसर पर राज्यपाल के मंडी सर्किट हाउस पहुँचने पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उनकी अगवानी की और पुष्पगुच्छ भेंट कर देवभूमि में उनका औपचारिक स्वागत किया। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी और रेडक्रॉस सोसायटी की राष्ट्रीय गवर्निंग बॉडी की सदस्य उनकी पत्नी डॉ साधना ठाकुर भी मौजूद रही। यह क्षण प्रदेश की परंपरा और आतिथ्य सत्कार का एक अनुपम उदाहरण रहा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्यपाल की गरिमामयी उपस्थिति ने इस ऐतिहासिक महोत्सव की शोभा में चार चाँद लगा दिए हैं। सदियों पुराने इस सांस्कृतिक समागम में उनके सम्मिलित होने से उत्सव की सार्थकता और अधिक बढ़ गई है। अति विशिष्ट अतिथियों का आगमन न केवल महोत्सव को गौरवशाली बनाता है, बल्कि प्रदेश की समृद्ध विरासत और “देव संस्कृति” के संरक्षण हेतु एक नई प्रेरणा भी प्रदान करता है।
हज़ारों देवी-देवताओं के मिलन के इस महाकुंभ में राज्यपाल की उपस्थिति ने भक्ति और हर्षोल्लास के वातावरण को और अधिक ऊर्जावान बना दिया है। उनके साथ भाजपा विधायक अनिल शर्मा, विधायक इंद्र सिंह गांधी, विधायक पूर्ण चंद, विधायक दीप राज, मेयर वीरेंद्र भट्ट, जिलाध्यक्ष भाजपा निहाल चंद शर्मा भी उपस्थित रहे।



