सुक्खू सरकार में कुशासन, भ्रष्टाचार और जनविरोधी शासन का बोलबाला: राकेश शर्मा
कहा, कांग्रेस सरकार वित्तीय स्थिति संभालने में असफल
धर्मशाला।
प्रदेश की सुक्खू सरकार पर कुशासन, भ्रष्टाचार और जनविरोधी शासन का आरोप लगाते हुए हिमाचल प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राकेश शर्मा ने कहा कि करोड़ों रुपए का ऋण लेने के बाद भी सरकार खजाना खाली होने का ढोंग कर रही है। इससे साफ है कि सरकार ने बहुत बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रखा है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनता के समक्ष शपेत पत्र जारी करें कि सरकार ने करोड़ों का ऋण कहां खर्च किया, जबकि पिछले 3 सालों से प्रदेश में विकास रुका हुआ है।
राकेश शर्मा ने कहा कि महंगाई हटाने का वादा कर सत्ता में आई कांग्रेस ने आते ही डीजल के दामों में 3 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि कर दिए। इतना ही नहीं तीन महीने बाद दोबारा 3.50 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि कर दी। इस प्रकार प्रदेश में यात्री भाड़ा बढ़ गया, माल भाड़ा बढ़ गया, आवागमन का खर्च बढ़ गया और जनता पर भारी बरसात के साथ-साथ कांग्रेस सरकार की मार भी पड़ गई। सरकारी टोल टैक्स बढ़ाकर दूसरे प्रदेशों से आने वाले पर्यटकों को रोकने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि एक और सबको सरकार प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कर रही है कहीं दूसरी ओर पर्यटक हिमाचल को छोड़ अन्य पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता शर्मा ने हाल ही में दिल्ली पुलिस को रोकने को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह अभूतपूर्व स्थिति है कि देश की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोपियों को पकड़ने आई दिल्ली पुलिस के जवानों को ही हिमाचल पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई समिट जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि धूमिल करने वाले युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बचाने के लिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार सक्रिय भूमिका निभा रही है।
राकेश शर्मा ने कहा कि कहा कि प्रदेश में दो हजार संस्थान बंद कर दिए गए, हिमकेयर, जनमंच और शगुन जैसी योजनाएं समाप्त कर दी गईं। अब सब्सिडी, वृद्धावस्था पेंशन, डीए और एरियर पर संकट की चर्चा हो रही है। कर्मचारियों में वेतन को लेकर असमंजस है। केंद्र में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है और देश की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान से चौथे स्थान पर पहुंची है। इसके विपरीत, प्रदेश में कांग्रेस सरकार वित्तीय स्थिति संभालने में असफल रही है।



