हिमाचल प्रदेश

बैंक अधिकारियों को अधिक से अधिक ऋण आवंटन के निर्देश

सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर बैंक अधिकारियों को दिए निर्देश

हमीरपुर।

जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं बैंक सलाहकार समिति की बैठक वीरवार को यहां हमीर भवन में उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने भी वर्चुअल माध्यम से जुड़कर बैंक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में इस वित्तीय वर्ष की तीसरी तिमाही की समाप्ति यानि 31 दिसंबर 2025 तक की उपलब्धियों की समीक्षा की गई।

इस अवसर पर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर और उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बैंक अधिकारियों से कहा कि जिला हमीरपुर के बैंकों के ऋण-जमा अनुपात यानि सीडी रेशो में अभी भी बहुत ज्यादा सुधार की आवश्यकता है। सीडी रेशो में सुधार के लिए सभी बैंकों के अधिकारी आम लोगों को अधिक से अधिक ऋण आवंटन की दिशा में कार्य करें।

उन्होंने कहा कि आम लोगों और विशेषकर छोटे कारोबारियों के ऋण आवंटन के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाना चाहिए। इनमें अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। महिला स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के लाभार्थियों के ऋण के मामलों से संबंधित औपचारिकताएं भी अतिशीघ्र पूरी होनी चाहिए, ताकि पात्र एवं जरुरतमंद लोग ऋण एवं सब्सिडी का लाभ उठा सकें। इससे जिला के ऋण-जमा अनुपात में सुधार होगा और बैंकों का कारोबार एवं आम लोगों का वित्तीय समावेशन भी बढ़ेगा।

सांसद ने कहा कि सरकार ने सभी किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसलिए, सभी बैंक जिला के छूटे किसानों को प्राथमिकता के आधार पर केसीसी प्रदान करें, ताकि ये किसान भी आसानी से ऋण ले सकें। बैठक में विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

इस अवसर पर मुख्य अग्रणी जिला प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल और भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ आशीष सांगड़ा ने विभिन्न योजनाओं और रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर के निदेशक अजय कतना और नाबार्ड के डीडीएम नरेश कुमार ने भी अपने-अपने संस्थानों से संबंधित योजनाओं एवं उपलब्धियों का ब्यौरा रखा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!