राजनीतिहिमाचल प्रदेश

अनुराग शर्मा के सम्मान में 9 मार्च को शिमला में अभिनंदन समारोह

मुख्यमंत्री सुक्खू, मंत्री, विधायक सहित तमाम कांग्रेस नेता होंगे शामिल

धर्मशाला/ शिमला।

हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस की ओर से राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए प्रत्याशी अनुराग शर्मा के सम्मान में सोमवार 9 मार्च 2026 को राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय शिमला में विशाल अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा।

इस समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विनय कुमार, प्रदेश के सभी मंत्री, विधायक, अग्रिम संगठनों के अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, सेवादल, युवा कांग्रेस, सभी बोर्ड एवं निगमों के चेयरमैन, कांग्रेस पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। समारोह में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रभारी एवं उच्च पदाधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

बताते चलें कि कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए बैजनाथ (कांगड़ा) से अनुराग शर्मा को उम्मीदवार बनाकर कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र की राजनीति में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने का प्रयास किया है। कांगड़ा जिले की 15 विधानसभा सीटों में से 10 सीटों पर कांग्रेस के विधायक हैं। अनुराग शर्मा का नाम राज्यसभा प्रत्याशी के रूप में घोषित होने और उनके नामांकन दाखिल करने के बाद कांगड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष के पद के लिए नए चेहरे की तलाश शुरू हो गई है। अनुराग शर्मा ने जनवरी 2026 में ही जिला कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभाला था और अब राज्यसभा जाने की स्थिति में संगठन को कांगड़ा में नए जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी किसी अन्य नेता को सौंपनी होगी।

दरअसल, कांग्रेस ने अनुराग शर्मा को राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित कर राजनीतिक हलकों में सभी को चौंका दिया है। अनुराग शर्मा राज्यसभा पहुंचेंगे तो बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार कोई नेता उच्च सदन में पहुंचेगा। इससे पहले बैजनाथ की स्थायी निवासी इंदु बाला गोस्वामी वर्ष 2020 में भाजपा से राज्यसभा सांसद चुनी गई थीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!