जल्दी करें, 31 दिसंबर से पहले निकालें अपना भूला हुआ पैसा
RBI का जमा राशि को लौटाने के लिए ‘Your Money Your Right‘ प्रोग्राम शुरू

धर्मशाला।
हर किसी शख्स का किसी ना किसी बैंक में अकाउंट अवश्य होता है। कई बार यह अकाउंट एक से ज्यादा बैंक में भी खोल लिए जाते हैं, लेकिन खाताधारक इनमें खातों में नियमित तौर पर ट्रांजैक्शन नहीं करते हैं। ऐसे अकाउंट को इनएक्टिव छोड़कर भूल जाते हैं। इसी कड़ी में 10 साल या उससे अधिक समय तक ट्रांजैक्शन नहीं होने पर संबंधित खाते की राशि को अनक्लेम्ड यानी लावारिस घोषित कर देता है। ऐसे में भारतीय रिजर्व बैंक ने संबंधित खाता धारक (वास्तविक) को उसकी जमा राशि को लौटाने के लिए ‘Your Money Your Right‘ प्रोग्राम शुरू किया है।

इस संबंध में बुधवार को पंजाब नेशनल बैंक मंडल कार्यालय धर्मशाला की ओर से प्रयास भवन धर्मशाला में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धर्मशाला के विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के शुभारम्भ से पहले पंजाब नेशनल बैंक मंडल कार्यालय धर्मशाला के मंडल प्रमुख संजय धर ने अतिथि देवो भव की परम्परा का निर्वहन करते हुए मुख्य अतिथि भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक शिमला अनुपम किशोर का हिमाचली टॉप और मफलर पहनाकर स्वागत किया।

कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक मंडल कार्यालय धर्मशाला के मंडल प्रमुख संजय धर ने KYC पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हर उपभोक्ता को समय समय पर या जब भी पता या मोबाइल नंबर बदलता है तो बैंक में भी व्यक्तिगत जानकारी अपडेट करवानी चाहिए। इससे खाते की सुरक्षा बढ़ जाती है। जब किसी खाते में लम्बे समय किसी भी प्रकार लेनदेन नहीं होता है तो साइबर क्राइम से जुड़े लोगों की नजर सम्भवतः ऐसे खातों पर हो जाती है। हमेशा बैंक की जानकारी को प्राथमिकता दें।

इस अवसर पर भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक शिमला अनुपम किशोर ने सभी को उक्त कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस प्रोग्राम को प्रमोट करते हुए कहा, “ये पैसे कई परिवारों की मेहनत की कमाई है, जो बेकार पड़ी है। सरकार का मकसद है कि हर नागरिक अपने हक का पैसा वापस ले।” उन्होंने कहा कि ऐसे अकाउंट में कोई लेनदेन नहीं करता है तो बैंक में जमा वह रकम अनक्लेम्ड यानी लावारिस हो जाती है। बैंकों के पास अभी 78000 करोड़ रुपए अनक्लेम्ड है। इन्हें सरकार लौटाना चाहती है, इसके लिए ‘Your Money Your Right‘ प्रोग्राम शुरू किया गया है।
कार्यक्रम में यूको बैंक के एजीएम ने भी विस्तार से अनक्लेम्ड राशि और KYC पर जानकारी दी।



