भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने धर्मशाला के राहुल पटियाल
बैडमिंटन प्रतियोगिता में भी मनवा चुके हैं प्रतिभा का लोहा
धर्मशाला।
ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी गया में आज शनिवार को पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। इस मौके पर धर्मशाला अंतर्गत उपरली बड़ोल के रहने वाले राहुल पटियाल ने भी प्रशिक्षण पूरा कर पासिंग आउट परेड में भाग लिया और लेफ्टिनेंट के रूप में कमिशन प्राप्त किया।
सेना का कठोर अनुशासन और प्रशिक्षण पूरा करने के बाद राहुल पटियाल को यह पद प्राप्त हुआ। राहुल की इस उपलब्धि पर उसके परिजनों, परिचितों और दोस्तों में ख़ुशी का माहौल है। परिवार के लोगों ने बताया कि बचपन से ही राहुल का सपना सेना में अधिकारी बनने का था, जिसे उसने पूरा किया है।

उन्होंने बताया कि राहुल ने तकनीकी शिक्षा पंजाब टेक्निकल विश्वविद्यालय के अंतर्गत गुरु नानक देव इंजिनीयरिंग कॉलेज लुधियाना से पूरी की। राहुल की कड़ी मेहनत और सेना में शामिल होने की लग्न का ही परिणाम है कि वह अपने उद्देश्य में सफल रहा।
राहुल की माता तृप्ता पटियाल का कहना है कि उनको बचपन से ही सेना में जाने का शौक था। वह बताती हैं कि राहुल के दादा स्वर्गीय बिधि चंद भी सेना के सिग्नल कोर में सूबेदार थे। राहुल अपनी इस कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता व अपने स्वर्गीय दादा जी की प्रेरणा को देते हैं। राहुल को बैडमिंटन खेलने का शौक है और वह अंडर 17 व अंडर 19 वर्ग में दो-दो बार जिला कांगड़ा के चैंपियन रह चुके हैं। इसके अलावा दो बार उत्तरी क्षेत्र सेंटर स्कूल प्रतियोगिता चैंपियन रहे।



