बाली को रखना सम्भाल के, बहुत बड़ी पूंजी: उप मुख्यमंत्री
बाल मेले में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, जी.एस. बाली के विकास कार्यों को किया याद
धर्मशाला।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सोमवार को स्वर्गीय जीएस बाली की 72वीं जयंती के अवसर पर बाल मेला समिति द्वारा गांधी ग्राउंड नगरोटा बगवां में आयोजित 24वें बाल मेले में शामिल हुए। इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी उनके साथ मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री ने स्वर्गीय जीएस बाली को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने नगरोटा बगवां सहित पूरे क्षेत्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और जीएस बाली दोनों ही विकास और जनकल्याण की राजनीति के प्रतीक थे। प्रदेश सरकार भी इसी सोच के साथ लोगों के हित में काम कर रही है। मुकेश अग्निहोत्री ने समारोह में उपस्थित जनता जनार्दन से कहा कि रघुवीर सिंह बाली को संभाल कर रखना, बहुत बड़ी पूंजी है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में लगभग एक हजार करोड़ रुपए के विकास कार्य चल रहे हैं। विधायक रघुवीर सिंह बाली को जीएस बाली की समृद्ध राजनीतिक विरासत मिली है और उन्हें जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि रघुवीर सिंह बाली का राजनीतिक भविष्य उज्ज्वल है और क्षेत्र की जनता का सहयोग उन्हें लगातार मिलता रहेगा।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पहली बार विधायक बनने के बावजूद रघुवीर सिंह बाली के प्रति प्रदेश नेतृत्व का विशेष विश्वास दिखाई देता है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का नगरोटा बगवां आना इस विश्वास का प्रमाण है।

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि स्वर्गीय जीएस बाली ने विकास की जो पहचान बनाई, उसी परंपरा को रघुवीर सिंह बाली आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वे क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि जीएस बाली का सार्वजनिक जीवन विकास और जनसेवा के लिए सदैव याद किया जाएगा। उनके कार्य आज भी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। इससे पहले गांधी ग्राउंड पहुंचने पर पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं विधायक रघुवीर सिंह बाली, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री, उद्योग मंत्री और शिक्षा मंत्री का स्वागत किया।
रघुवीर सिंह बाली ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश के तीनों वरिष्ठ नेता जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के नेतृत्व में शिक्षा क्षेत्र में हुए सुधारों की भी सराहना की। इस अवसर पर पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सुरेंद्र काकू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



