बारिश पर भारी पड़ा देशभक्ति का जज्बा: धर्मशाला में शान से फहराया तिरंगा
जलभराव भी नहीं रोक पाया कदम: धर्मशाला पुलिस ग्राउंड में हौसले के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
धर्मशाला।
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धर्मशाला सहित प्रदेश भर में राष्ट्रभक्ति का ऐसा जज्बा उमड़ा कि खराब मौसम और मूसलाधार बारिश की बाधाएं भी फीकी पड़ गईं। आसमान से बरसती बूंदों के बीच जब तिरंगा शान से लहराया, तो हर शख्स का मस्तक गर्व से ऊंचा हो गया।
धर्मशाला के ऐतिहासिक पुलिस ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में सुबह से ही मूसलाधार बारिश का क्रम जारी रहा। भारी बारिश के कारण मैदान के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई थी, लेकिन राष्ट्रीय पर्व को लेकर उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। समारोह के मुख्य अतिथि, कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार के आगमन से पूर्व प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। आयोजन स्थल पर जहां-जहां पानी जमा था, वहां आनन-फानन में मैट बिछाकर व्यवस्था को सुधारा गया।
मौसम की चुनौतियों को धता बताते हुए हिमाचल पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, होमगार्ड के जवानों के साथ-साथ एनएसएस के स्वयंसेवकों और पहली बार शामिल हुए ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन के सदस्यों ने मार्च पास्ट में हिस्सा लिया। बारिश में पूरी तरह भीगने के बावजूद ये जांबाज अपने स्थान पर डटे रहे और अनुशासित परेड के जरिए देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।
सुरक्षा और मौसम की तमाम चुनौतियों के बीच आयोजित इस भव्य समारोह ने यह साबित कर दिया कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और अटूट देशभक्ति के आगे हर बाधा बौनी है।



