कीलोंग।
26 पंजाब की ओर से भारतीय सेना साइकिलिंग अभियान के तहत हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में 1,200 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। अभियान अंबाला कैंट से कीलोंग और आगे जालंधर तक आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य शारीरिक फिटनेस, साहसिक भावना, टीम भावना और स्थानीय समुदाय के साथ संवाद को बढ़ावा देना तथा मार्ग में युवाओं से जुड़ना है। अभियान के तहत मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्कूली विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों और स्थानीय युवाओं के साथ ‘जॉइन इंडियन आर्मी’ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।

टीम लीडर कैप्टन अनीश एम और डिप्टी टीम लीडर सूबेदार कुलवंत मान के नेतृत्व में अभियान दल ने पालचन, कीलोंग, पंडोह और चौंतरा में विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद किया। कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने के अवसरों के बारे में जागरूक करना और उन्हें सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना था।
टीम लीडर ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रतिभागियों को भारतीय सेना में प्रवेश की विभिन्न योजनाओं, पात्रता मानदंड, चयन प्रक्रिया और सेना के जीवन के बारे में जानकारी दी। इस दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सक्रिय भागीदारी और सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल पलचन, एमपी श्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल पंडोह तथा पीएम श्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल चौंतड़ा में आयोजित किए गए। इसके अलावा कीलोंग और कुल्लू में स्थानीय युवाओं के साथ भी संवाद किया गया। कार्यक्रम को विद्यार्थियों और युवाओं की ओर से उत्साहपूर्ण रेस्पॉन्स मिला।



