बिक्रम ठाकुर ने बिहार में बीजेपी की जीत पर ख़ुशी तो प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर उठाए सवाल
धर्मशाला
पूर्व मंत्री और जसवां परागपुर के विधायक विक्रम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक और आर्थिक परिस्थितियों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जनता अपने आपको ठगा महसूस कर रही है। ठाकुर ने प्रेस वक्तव्य में कहा कि प्रदेश में हाल के चुनाव परिणामों और राष्ट्रीय स्तर पर सामने आए राजनीतिक रुझानों ने जनमानस की प्राथमिकताओं को स्पष्ट कर दिया है।
ठाकुर ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों और आउटसोर्सिंग कर्मियों को समय पर वेतन न मिलना, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के मेडिकल बिलों का वर्षों से लंबित होना तथा पहली बार ठेकेदारों का भुगतान न होने के कारण सड़क पर उतरना, सभी स्थिति की गंभीरता को दर्शाते हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार कर्ज लेने के बावजूद यदि आर्थिक भुगतान तक सुनिश्चित नहीं हो पा रहा, तो यह प्रशासनिक प्रबंधन की बड़ी चुनौती को उजागर करता है।
विक्रम ठाकुर ने कहा कि सरकार को लिए जा रहे कर्जों पर पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए श्वेत पत्र जारी करना चाहिए, ताकि यह साफ हो सके कि प्रदेश में करोड़ों रुपए किन मदों में खर्च किए जा रहे हैं। आर्थिक आंकड़ों और ज़मीनी हालात में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है, जिससे जनता में असंतोष बढ़ रहा है। अस्थायी व्यवस्थाओं और न्यूनतम वेतन पर नियुक्तियों का चलन बढ़ रहा है, जिससे युवा वर्ग असुरक्षित महसूस कर रहा है। ठाकुर ने कहा कि यह स्थिति दीर्घकाल में प्रदेश के विकास ढांचे को भी प्रभावित कर सकती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के बाद भी कोई ठोस जनहितकारी निर्णय सामने नहीं आया है, और कई मोर्चों पर प्रशासनिक चुनौतियां बनी हुई हैं। हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति जिस दिशा में बढ़ रही है, वह गंभीर समीक्षा और ठोस निर्णयों की मांग करती है।



