नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का मुख्यमंत्री सुक्खू से सवाल, “कौन दे रहा इस्तीफा?”
कहा, हिमाचल कांग्रेस में 'निपटाने' का खेल शुरू, विजिलेंस की जांच से तिलमिलाए वरिष्ठ कांग्रेस नेता

धर्मशाला।
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर अब तक का सबसे आक्रामक हमला बोलते हुए प्रदेश की राजनीति में नया भूचाल ला दिया है। जयराम ठाकुर ने बेहद गंभीर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से उस ‘वरिष्ठ नेता’ के नाम का खुलासा करने की मांग की है, जिसने कथित तौर पर मुख्यमंत्री को धमकी दी कि यदि उनके खिलाफ चल रही जांच नहीं रोकी गई, तो वे अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।
धर्मशाला में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुलगते हुए सवाल पूछे कि आखिर वह कौन प्रभावशाली चेहरा है जो विजिलेंस जांच से इतना तिलमिला गया कि दिल्ली जाकर हाईकमान के सामने पार्टी छोड़ने तक की बात कह रहा है? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चूंकि पुलिस विभाग और विजिलेंस सीधे मुख्यमंत्री के अधीन हैं, तो यह स्पष्ट है कि डीजीपी ने उनकी सहमति के बिना जांच के आदेश नहीं दिए होंगे, जिससे यह साफ होता है कि कांग्रेस के भीतर अब एक-दूसरे को ‘निपटाने’ का खेल रात के अंधेरे में नहीं बल्कि दिन के उजाले में सार्वजनिक रूप से शुरू हो चुका है।
जयराम ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि कभी ये वही नेता तो नहीं जिसने मंडी में सरकार के तीन साल के जश्न के मौके पर मुख्यमंत्री को खुली चुनौती दे डाली थी कि ऐसे नहीं चलेगा। विधायक सुधीर शर्मा और पवन काजल की मौजूदगी में उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की लोकप्रियता आज रसातल में है और अगर आज चुनाव हो जाएं, तो सत्ताधारी दल को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
डोडा हादसे में वीर जवानों की शहादत पर व्यक्त किया गहरा शोक
जम्मू-कश्मीर के डोडा में सेना के वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की हृदय विदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि इस भीषण हादसे में 10 से अधिक वीर जवानों का बलिदान राष्ट्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शहीद हुए वीर सपूतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें। जयराम ठाकुर ने हादसे में घायल हुए सैनिकों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और कहा कि देश अपने इन वीर रक्षकों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को सदैव कृतज्ञता के साथ स्मरण रखेगा।



