CM का बड़ा भंगाल दौरा: इसलिए पहले मुख्यमंत्री बन गए सुखविंदर सिंह सुक्खू
विकास योजनाओं और बीते बर्ष हुए आपदा नुकसान का लेंगे जायजा
धर्मशाला।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार शाम करीब छह बजे कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वे सर्किट हाउस धर्मशाला के लिए रवाना हुए। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने अपने प्रस्तावित कांगड़ा जिला के दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल दौरे को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह कार्यक्रम काफी समय से प्रस्तावित था और अब इसे अंतिम रूप मिल गया है। आपको बताते चलें कि 14 वर्ष में बड़ा भंगाल का दौरा करने वाले पहले मुख्यमंत्री हैं सुखविंदर सिंह सुक्खू। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू बड़ा भंगाल में रात्रि ठहराव करने वाले पहले मुख्यमंत्री भी होंगे। अब तक केवल पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ही 23 सितंबर, 2011 को बड़ा भंगाल गए थे।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत वह बड़ा भंगाल गांव में एक रात प्रवास करेंगे। मुख्यमंत्री वन विभाग के विश्राम गृह में रात्रि ठहराव करने के बाद 28 जून को वापस शिमला लौटेंगे। इस दौरान वह स्थानीय लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को जानेंगे। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे लोगों तक विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि बड़ा भंगाल को सड़क मार्ग से देश-दुनिया से जोड़ने तथा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए नई योजनाओं पर भी विचार किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हाल ही में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का भी मौके पर जाकर जायजा लिया जाएगा, क्योंकि प्रभावित लोगों की मदद करना सरकार और जनप्रतिनिधियों दोनों की जिम्मेदारी है।


