इस प्रदेश के इतिहास में पहली बार 8 बैठकों का होगा सत्र, तपेगा तपोवन
अपील, सत्ता पक्ष और प्रतिपक्ष सदन संचालन में दें रचनात्मक सहयोग
धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा का दशम सत्र 26 नवम्बर, 2025 से 5 दिसम्बर, 2025 तक तपोवन (धर्मशाला) में आयोजित किया जाएगा। इस शीतकालीन सत्र का शुभारम्भ 26 नवम्बर 2025 को पूर्वाह्न 11:00 बजे होगा। इस दिन पूर्व विधायक स्वर्गीय बाबू राम गौतम के प्रति सदन में शोकोदगार प्रस्तुत होंगे। इस सत्र में कुल 8 बैठकें आयोजित की जाएंगी। 28 नवम्बर और 4 दिसम्बर के दिन गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित किए गए है।
पठानिया ने कहा कि इस कैलेण्डर वर्ष में बजट सत्र में 15, मानसून सत्र में 12 और अभी शीतकालीन सत्र में 8 बैठकों के साथ ही कुल 35 बैठकें पूरी कर सकेंगे। इस सत्र में माननीय सदस्यों से प्रश्नों से संबंधित कुल 744 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं, जिसमें 604 प्रश्न तारांकित और 140 प्रश्न अतारांकित। यह सभी सूचनाएं ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुई हैं जिन्हें नियमानुसार सरकार को आगामी कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया है। नियम 62 के तहत 11 सूचनाएं, नियम 63 के तहत 4 सूचनाएं, नियम 101 के अन्तर्गत 7 सूचनाएं, नियम 130 के तहत 16 सूचनाएं, नियम 324 के तहत 1 सूचना माननीय सदस्यों से प्राप्त हुई हैं, इन्हें भी आगामी कार्रवाई के लिए सरकार को प्रेषित कर दिया गया है।
युवाओं में बढ़ते नशे के प्रयोग की रोकथाम
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि माननीय सदस्यों से जो सूचनाएं प्रश्नों के माध्यम से प्राप्त हुई हैं, वह मुख्यत: आपदा से निपटने हेतु केंद्र से सहायता राशि, बाढ़, स्कूलों का विलय, प्रदेश में हाल ही में भारी बारिश और प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न हुई स्थिति, सरकार द्वारा आपदा से निपटने के लिए किए गए प्रयास, सड़कों, पुलों का निर्माण, स्वीकृत सड़कों की डीपीआर प्रदेश में महाविद्यालयों, स्कूलों, स्वास्थ्य संस्थानों इत्यादि का उन्नयन एवं विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की पदपूर्ति, पर्यटन, उद्यान, पेयजल की आपूर्ति, युवाओं में बढ़ते नशे के प्रयोग की रोकथाम, बढ़ते अपराधिक मामलों और परिवहन व्यवस्था पर आधारित है।इसके अतिरिक्त माननीय सदस्यों ने प्रश्नों के माध्यम से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से सम्बन्धित मुख्य मुद्दों को भी उजागर किया है।
समय का सदुपयोग जनहित से जुड़े मुद्दों व सार्थक चर्चा के लिए करें
पठानिया ने कहा कि सत्र अविलम्ब चले इसके लिए उन्होंने कल सत्र आरम्भ होने से पूर्व 10:15 बजे दोनों दलों के प्रमुख नेताओं की बैठक बुलाई है, जिसमें संसदीय कार्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, उप मुख्य सचेतक प्रदेश सरकार और भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक भी शामिल होंगे। पठानिया ने कहा कि उनका सत्ता पक्ष और प्रतिपक्ष से अनुरोध रहेगा कि वह उन्हें सदन संचालन में रचनात्मक सहयोग दें ताकि सदन के समय का सदुपयोग जनहित से जुड़े मुद्दों व सार्थक चर्चा के लिए किया जा सके।
आपको बता दें कि पत्रकार वार्ता के बाद विधानसभा अध्यक्ष पठानिया ने सदन में सत्र के लिए की जा रही व्यवस्था का जायजा लिया और विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों को सदन के अन्दर तथा परिसर में समुचित व्यवस्था समय रहते करने के निर्देश दिए।



