हिमाचल की सियासत पर दिल्ली में मंथन: अमित शाह से मिले सुधीर और आशीष शर्मा
धर्मशाला और हमीरपुर के विधायकों ने गृह मंत्री अमित शाह को दी बधाई, राज्य के हालातों पर दिया फीडबैक
नई दिल्ली/ धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश की राजनीति में सक्रियता बढ़ाते हुए धर्मशाला के भाजपा विधायक सुधीर शर्मा और हमीरपुर से विधायक आशीष शर्मा ने सोमवार को देश की राजधानी में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से एक महत्वपूर्ण शिष्टाचार भेंट की। इस उच्च स्तरीय मुलाकात के दौरान दोनों विधायकों ने न केवल हालिया चुनावी जीत का जश्न साझा किया, बल्कि देवभूमि हिमाचल की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर भी गहन चर्चा की।
जीत का श्रेय और कार्यकर्ताओं में उत्साह
इस दौरान विधायक सुधीर शर्मा और आशीष शर्मा ने तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय पर अमित शाह को पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों के प्रति जनता के अटूट विश्वास और अमित शाह के कुशल चुनावी प्रबंधन का परिणाम है। विधायकों ने गृह मंत्री को अवगत कराया कि इस शानदार प्रदर्शन से हिमाचल प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और वे आगामी चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

क्षेत्रीय विकास और भविष्य की रणनीति पर मंथन
लगभग 25 मिनट तक चली इस सार्थक बातचीत में दोनों विधायकों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के महत्वपूर्ण मुद्दों को केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष रखा। विधायक सुधीर शर्मा ने धर्मशाला स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की प्रगति और आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों की जानकारी साझा की। वहीं, आशीष शर्मा ने हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और केंद्रीय योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन का फीडबैक दिया।
अमित शाह ने दोनों विधायकों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और हिमाचल में पार्टी की मजबूती व जनहित के कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मुलाकात को हिमाचल प्रदेश की भविष्य की राजनीति और क्षेत्र के विकास की दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।


