यूथहिमाचल प्रदेश

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा लंज में बसने वाला हिमाचल का पहला शहर : पठानिया

लंज कॉलेज में शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा, युवाओं की सोच को दूरदर्शी बनाने का काम कर रहा NSUI

धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश सरकार प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक अत्याधुनिक और सुव्यवस्थित आधुनिक शहर बसाने जा रही है, जो चंडीगढ़ की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। यह शहर हर तरह की आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा और प्रदेश की आर्थिक, सामाजिक व औद्योगिक प्रगति में मील का पत्थर साबित हो सकता है। यह कहना है शाहपुर के विधायक एवं मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया का। शनिवार को लंज महाविद्यालय में एनएसयूआई छात्र संगठन के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे केवल सिंह पठानिया ने कहा इस योजना को लेकर उन्होंने कई बार मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश और मंत्री राजेश धर्माणी से मुलाकात की। आज इस टाउनशिप प्लानिंग के कार्य को शुरू करने की योजना तैयार की गई है। इस योजना को सेक्टर वाइज बनाया जाएगा।

हिमुडा को सौंपी महत्वाकांक्षी परियोजना की जिम्मेदारी
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की जिम्मेदारी हिमाचल प्रदेश शहरी विकास प्राधिकरण (हिमुडा) को सौंपी है। इस नए शहर का निर्माण लंज और तियारा क्षेत्र में किया जाएगा। यह क्षेत्र गगल एयरपोर्ट और फोरलेन हाईवे के निकट होने के कारण आवागमन की दृष्टि से अत्यंत उपयुक्त है। प्रदेश सरकार की यह परियोजना कांगड़ा को विकास का नया आयाम देगी। यह केवल एक शहर नहीं, बल्कि प्रदेश की आर्थिक तस्वीर को बदलने वाली नई दिशा का प्रतीक बनेगा। इससे युवाओं को रोजगार, स्थानीय लोगों को व्यावसायिक अवसर और क्षेत्र को पर्यटन के लिहाज से भी नई पहचान मिलेगी। पठानिया ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आने वाले वर्षों में हिमाचल को संतुलित, हरित और योजनाबद्ध शहरी विकास माॅडल की दिशा में अग्रसर करना है। यह परियोजना प्रदेश की भावी पीढ़ियों के लिए विकास और रोजगार का बड़ा द्वार खोलने वाली साबित होगी।

लंज महाविद्यालय में एनएसयूआई छात्र संगठन के कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया। Photo : DPR

किसी भी एक कार्य को अपने जीवन का लक्ष्य बनाएं
केवल सिंह पठानिया ने कहा प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री और वह स्वयं भी छात्र राजनीति से निकलकर यहां तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा छात्र राजनीति का गहरा असर उनके जीवन पर पड़ा जिसके चलते उनके अंदर समाज के लिए कुछ करने की प्रेरणा जगी, जिसके चलते वह आज यहां तक पहुंचे हैं। उन्होंने महाविद्यालय के सभी छात्रों को कहा कि वह किसी भी एक कार्य को अपने जीवन का लक्ष्य बनाएं और उसकी तरफ पूरी मेहनत करें सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया जो शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए निरंतर नए प्रयास कर रहे हैं।

केवल सिंह पठानिया ने कहा राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल बच्चों के भविष्य को एक नया आयाम देने के लिए अहम साबित होंगे। स्कूलों का इंग्लिश मीडियम होना विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी होगा। उन्होंने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को याद करते हुए कहा उनकी दूरगामी सोच के कारण आज लंज क्षेत्र में बच्चों के पढ़ने के लिए भव्य शिक्षा का यह मंदिर स्थापित हुआ था। उन्होंने बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी देखा। उन्होंने कॉलेज की अतिरिक्त दीवार, बैडमिंटन कोर्ट में मैट और टेबल टेनिस की सुविधा कॉलेज में देने की घोषणा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!