आज पूरी तरह खुलेगा कोतवाली बाज़ार: अनुज कश्यप
दीपावली पर धर्मशाला वासियों को बड़ी राहत
धर्मशाला।
दीपावली का पावन पर्व बेहद नजदीक है और ऐसे में त्यौहारों के इस माहौल में लोगों के मन में खरीदारी को लेकर अक्सर यह संशय रहता है कि क्या सोमवार को धर्मशाला का प्रसिद्ध कोतवाली बाज़ार खुलेगा या साप्ताहिक बंदी के कारण बंद रहेगा। धर्मशाला वासियों और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए इस बार सबसे बड़ी राहत की खबर सामने आई है।
व्यापार मंडल कोतवाली बाज़ार धर्मशाला ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए यह स्पष्ट किया है कि दीपावली की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए कल यानी आने वाले सोमवार को कोतवाली का पूरा बाज़ार पूर्ण रूप से खुला रहेगा।
सोमवार की साप्ताहिक छुट्टी रद्द
आमतौर पर सोमवार के दिन बाज़ार में साप्ताहिक अवकाश की वजह से सन्नाटा रहता है, लेकिन दीपावली की खरीदारी के दबाव और जनता की सुविधा को देखते हुए व्यापार मंडल ने इस बार सोमवार को बाज़ार चालू रखने का फैसला लिया है। इस निर्णय से नौकरीपेशा लोगों और दूर-दराज़ से आने वाले खरीदारों को बड़ी सुविधा मिलेगी। दुकानदारों ने भी अपने-अपने प्रतिष्ठानों में कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स, सजावटी सामान, बर्तन और मिठाइयों की विस्तृत श्रृंखला सजा ली है।
ग्राहकों के लिए ‘विशेष उपहार योजना’
धर्मशाला वासियों के लिए खुशियों का यह त्यौहार और भी खास होने वाला है। व्यापार मंडल कोतवाली बाज़ार के प्रधान अनुज कश्यप का कहना है कि ने इस बार ग्राहकों का आभार जताने के लिए एक विशेष योजना के तहत उपहार देने का भी फैसला किया है। इस योजना के अंतर्गत कोतवाली बाज़ार से खरीदारी करने वाले ग्राहकों को लकी ड्रा या निश्चित उपहार योजना के माध्यम से आकर्षक तोहफे दिए जाएंगे। व्यापार मंडल का यह प्रयास स्थानीय बाज़ार में रौनक बढ़ाने और ऑनलाइन खरीदारी के बजाय स्थानीय व्यापारियों से जुड़ने के लिए ग्राहकों को प्रोत्साहित करेगा।
प्रधान अनुज कश्यप ने कहा कि दीपावली के इस पावन अवसर पर धर्मशाला वासियों को खरीदारी में कोई असुविधा न हो, इसीलिए कल सोमवार को बाज़ार पूरी तरह खुला रखने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही हमारे सम्मानित ग्राहकों के लिए विशेष उपहार योजना भी शुरू की जा रही है। हम सभी सम्मानित नागरिकों से अपील करते हैं कि वे अपनी दीपावली की खरीदारी के लिए स्थानीय कोतवाली बाज़ार का रुख करें।



