वीडियोहिमाचल प्रदेश

आपदा प्रभावित इंदौरा क्षेत्र के इलाकों का उपायुक्त ने दौरा कर बहाली कार्यों की समीक्षा की

इंदौरा

उपायुक्त हेमराज बैरवा ने शनिवार को हाल ही में आई आपदा से प्रभावित इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के क्षेत्रों का व्यापक दौरा किया। इंदौरा क्षेत्र हाल ही में हुई भारी बरसात और आपदा से सर्वाधिक प्रभावित इलाकों में से एक रहा है। इस दौरान क्षेत्र के स्थानीय विधायक मलेंद्र राजन भी मौजूद रहे।

उपायुक्त ने ढांगू-माजरा सड़क, जगत गिरी आश्रम की सड़क, तोकी पंचायत के विभिन्न प्रभावित स्थलों और निर्माणाधीन मिनी सचिवालय भवन का निरीक्षण किया। उपायुक्त बैरवा ने बताया कि अब जब आपदा का खतरा जा चुका है, तो प्राथमिकता सभी क्षतिग्रस्त स्थलों की शीघ्र बहाली पर है। जिन स्थानों पर रेस्टोरेशन कार्य आवश्यक है, वहां अधिकांश कार्यों के एस्टीमेट तैयार कर लिए गए हैं और कई स्थानों पर निर्माण कार्य शीघ्र ही आरंभ होने जा रहा है।

उपायुक्त बैरवा ने बताया कि मंड क्षेत्र में इस बार आपदा से भारी नुकसान हुआ है। प्रदेश सरकार द्वारा जारी विशेष राहत पैकेज के अंतर्गत मंड क्षेत्र को भी शामिल किया गया है, ताकि प्रभावित लोगों को हुए नुकसान का उचित और समयबद्ध मुआवजा प्रदान किया जा सके।

उपायुक्त बैरवा ने कहा कि सभी कार्यों का ध्यानपूर्वक निरीक्षण करने, प्रगति की समीक्षा करने तथा किसी भी प्रकार की कमी-पेशी को दूर करने के उद्देश्य से यह दौरा किया गया है, ताकि प्रभावित क्षेत्र के लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके। इस अवसर पर एसडीएम डॉ सुरेंद्र ठाकुर, एएसपी धर्मपाल चंद,एससी पीडब्ल्यूडी मोहिंदर धीमान, डीएसपी संजीव कुमार, तहसीलदार अमनदीप सहित अन्य विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!