पपरोला में छात्रों ने भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी में समझा सक्रिय रूप से विज्ञान का सिद्धांत
पालमपुर
पालमपुर विज्ञान केन्द्र की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, पपरोला में भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी बस राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (NCSM) की एक विशेष पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरदराज़ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक विज्ञान की जानकारी रोचक एवं सरल तरीके से पहुंचाना है। विज्ञान के विभिन्न मॉडलों और प्रदर्शों से सुसज्जित यह बस विद्यालयों का भ्रमण कर विद्यार्थियों को वैज्ञानिक प्रयोगों, सिद्धांतों और आविष्कारों से परिचित कराती है। इससे उन विद्यार्थियों को भी विज्ञान सीखने और समझने का अवसर मिलता है, जो स्वयं विज्ञान केन्द्र तक नहीं पहुंच पाते।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पपरोला में छात्रों को विज्ञान का सिद्धांत समझाते पालमपुर विज्ञान केन्द्र की टीम के सदस्य। PSC
कार्यक्रम के दौरान विज्ञान संचारक दिनेश कुमार ने विद्यार्थियों को विभिन्न विज्ञान मॉडलों और प्रदर्शनों के बारे में सरल, मनोरंजक और प्रायोगिक उदाहरणों के माध्यम से जानकारी दी गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रदर्शनी का अवलोकन किया और सक्रिय रूप से विज्ञान के सिद्धांतों को समझा, जिससे विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा, तार्किक सोच और नवाचार की भावना को प्रोत्साहन मिला। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना तथा उन्हें विज्ञान को दैनिक जीवन से जोड़कर समझने के लिए प्रेरित करना था।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पपरोला में छात्रों को विज्ञान का सिद्धांत समझाते पालमपुर विज्ञान केन्द्र की टीम के सदस्य। PSC
ध्यातव्य रहे कि भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी विज्ञान केंद्र की एक नई पहल है जिसमें विज्ञान केंद्र तक नहीं पहुंच पाने वाले नागरिकों, गांवों, विद्यालयों में भी विज्ञान चेतना के प्रसार और विज्ञान केंद्र की गतिविधियों को लेकर जाने का लक्ष्य रखा गया है। यदि कोई विद्यालय प्रदर्शनी का आयोजन अपने स्कूल में करवाना चाहता है तो पालमपुर विज्ञान केंद्र में संपर्क किया जा सकता है।



