राजनीतिवीडियोहिमाचल प्रदेश

‘4 दिसंबर को होगा कांग्रेस सरकार का पर्दापाश’

झूठी गारंटियों पर वार और बेरोज़गारी पर प्रहार, विधानसभा के बाहर भाजपा करेगी विशाल प्रदर्शन

धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने वीरवार को धर्मशाला प्रवास के दौरान सर्किट हाउस धर्मशाला में संगठनात्मक ज़िला कांगड़ा भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में 4 दिसंबर को होने वाले विधानसभा सत्र के दौरान सुक्खू सरकार को चारों तरफ़ से घेरने की रणनीति को अंतिम रूप दिया गया। भाजपा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि अब जनता की आवाज़ दबाई नहीं जाएगी। 4 दिसंबर को धर्मशाला गवाह बनेगा सरकार के विरुद्ध एक ऐतिहासिक जन-गर्जना का।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि कांग्रेस सरकार के झूठे वादों, ठप स्वास्थ्य सेवाओं, बेरोज़गारी, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, झूठी गारंटियों, कर्मचारियों की वेतन-पेंशन समस्याओं तथा प्रशासनिक नाकामियों को लेकर भाजपा इस बार एक ऐतिहासिक और विशाल प्रदर्शन करने जा रही है।

विधायक विपिन सिंह परमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने तीन साल में हिमाचल को बदहाली की राह पर धकेल दिया है। स्वास्थ्य सुविधाएं चरमराई हुई हैं, अस्पताल स्टाफ व संसाधनों के अभाव में जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार सिर्फ़ काग़ज़ों पर काम करके वाहवाही लूट रही है। परमार ने कहा कि जनता अब पूरी तरह समझ चुकी है कि सुक्खू सरकार की गारंटियां सिर्फ़ झूठे प्रचार का हिस्सा थीं। 4 दिसंबर को जनता अपनी नाराज़गी सड़क पर ज़ाहिर करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह प्रदर्शन सिर्फ़ एक राजनीतिक आयोजन नहीं बल्कि हिमाचल की जनता की पुकार है, जिसे अब कोई रोक नहीं पाएगा।

बैठक में हिमाचल प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और विधायक विपिन सिंह परमार, विधायक पवन काजल, विधायक सुधीर शर्मा, प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, ज़िला कांगड़ा भाजपा प्रभारी समित शर्मा, सह-प्रभारी संजीव शर्मा, ज़िला कांगड़ा भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा, संजय शर्मा, विनय शर्मा, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु, पूर्व विधायक विशाल नेहरिया, पूर्व विधायक अरुण कुमार कूका, पूर्व विधायक राजेश ठाकुर, शाश्वत कपूर, मुनीश लूथरा, रंजू रस्तोगी, गायत्री कपूर, प्रेरणा शर्मा, मंडल अध्यक्ष डॉ. विशाल नेहरिया, तेजिंदर कौर समेत अनेक भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!