‘बिहार की तरह अब इस सरकार का भी तंबू उखड़ने वाला है’….. जानें पूरी खबर
डॉ बिंदल ने कहा, सरकार ने देख लिया कि उनका भी क्या हश्र होने वाला है
धर्मशाला
जिस प्रकार से बिहार के चुनाव में राजग भारी बहुमत से विजयी हुई उसी प्रकार जल्द ही हिमाचल प्रदेश में भी सुक्खू सरकार का तंबू उखड़ने वाला है। वह दिन दूर नहीं जब प्रदेश में भाजपा ऐतिहासिक जीत के साथ सत्ता में आएगी। यह बात हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने शुक्रवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
डॉ बिंदल ने हिमाचल की सुक्खू सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि बिहार की जीत प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की डबल इंजन सरकार की नीतियों में जनता के विश्वास का प्रमाण है। बिहार की जनता ने महागठबंधन के जंगल राज को नकार कर सुशासन को चुना है। उन्होंने इसे बिहार को विकसित राज्य बनाने के राजग के संकल्प की जीत बताया। चुनाव में राजग को मिला प्रचंड बहुमत इस बात का प्रमाण है कि बिहार की जनता ने महागठबंधन के जंगल राज और भ्रष्टाचार को पूरी तरह से नकार दिया है और सत्तारूढ़ गठबंधन के सुशासन, स्थिरता और विकास के आयामों को अपनाया है।
सरकार की व्यवस्थाओं की पोल खुली
डॉ बिंदल ने प्रदेश के सुक्खू सरकार पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि बिहार के चुनाव में भी कांग्रेस पार्टी ने झूठी गारंटियों का सहारा लेने की कोशिश की लेकिन सुक्खू सरकार ने देख लिया कि उनका भी क्या हश्र होने वाला है। हिमाचल में कानून की धज्जियां उड़ रही है। बिलासपुर, ऊना और सोलन में हुए गोलीकांड ने कांग्रेस सरकार की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है।
नाकामी और अव्यवस्था का दौर
राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार का तीन साल का कार्यकाल हिमाचल के लिए नाकामी और अव्यवस्था का दौर रहा है। बिंदल ने दावा किया कि 11 दिसंबर को कांग्रेस सरकार अपने तीन साल पूरे करेगी, जबकि प्रदेश की वास्तविक स्थिति बेहद खराब है। इन तीन वर्षों में युवा बेरोजगारों की स्थिति चिंताजनक हुई है, प्रदेश आर्थिक दिवालिएपन की ओर बढ़ा, कानून-व्यवस्था बिगड़ी और मजदूरों व आम जनता को दी गई गारंटियां झूठ साबित हुईं। उन्होंने कहा कि 4 दिसंबर को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। इस सरकार के ‘असफल’ शासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करने जा रही है।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को बचाए रखना भाजपा का संकल्प है। इस मौके पर हिमाचल भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, पूर्व मंत्री, विधायक विपिन सिंह परमार, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक पवन काजल, विधायक सुधीर शर्मा, पूर्व मंत्री सरवीण चौधरी, संगठनात्मक ज़िला कांगड़ा भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा, भाजपा के वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता विनय शर्मा, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु मौजूद रहे।



