विधानसभा घेराव के लिए भाजपा मंडल धर्मशाला ने बनाई रणनीति : डॉ विशाल नेहरिया
हिमाचल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 26 नवंबर से

धर्मशाला
भाजपा मंडल धर्मशाला ने 4 दिसंबर को विधानसभा घेराव के निमित्त बूथ स्तर पर जाने की योजना बनाई है l इस संबंध में मंगलवार को धर्मशाला में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सभी मोर्चा के अध्यक्षों के साथ विचार मंथन कर योजना को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में रमेश अटवाल, प्रमोद सुंधु, आशु बलौरिया, शिव प्रसाद गुरुंग, राकेश भारद्वाज, अदिति सूद, शिव चरण सहित अन्य उपस्थित रहे l

आपको बताते चलें कि धर्मशाला के तपोवन में हिमाचल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 26 नवंबर से शुरू हो रहा है। शीतकालीन सत्र के लिए विधायकों की ओर से 600 से अधिक प्रश्न विधानसभा सचिवालय पहुंच चुके हैं। सत्र 26 नवंबर से 5 दिसंबर तक तपोवन में होगा। मंगलवार को सरकार के धर्मशाला पहुंचने से वीआईपी मूवमेंट से शहर व्यस्त हो गया। सत्र की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को दिनभर अधिकारी धर्मशाला से तपोवन चक्कर लगाते रहे। मंगलवार को डीजीपी अशोक तिवारी की ओर से ड्यूटी ब्रीफ के बाद सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस अधिकारी और जवान तैनात हो गए हैं।

जब इस संबंध में एसपी मयंक चौधरी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस और होमगार्ड के 1100 से अधिक जवान और अधिकारी तैनात किए गए हैं। खुफिया एजेंसियों के कर्मचारी भी धर्मशाला में मुस्तैद रहेंगे। सत्र शुरू होने से एक दिन पहले विधानसभा परिसर में पुलिस अधिकारियों, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्तों ने भी जांच की। ड्यूटी ब्रीफ के बाद धर्मशाला से तपोवन तक 10 सेक्टरों में तैनात होने के साथ ही शहर के प्रवेश मार्गाें पर भी नाकाबंदी की गई है। धर्मशाला शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को जांच के बाद ही जाने की अनुमति दी जा रही है। एसपी कार्यालय में स्थित कंट्रोल रूम से शहरभर में स्थापित कैमरों और ड्रोन से भी पूरी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। ऐसे में धर्मशाला शहर की सुरक्षा चाक चौबंद की गई है।



