प्रशासन की पहल से 1158 लाभार्थी हुए लाभान्वित, सरकार का जताया आभार
5 वर्ष तक के लाभार्थी को मिले सहायक उपकरण
धर्मशाला।
रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में आज शनिवार को धर्मशाला में विकलांग व्यक्तियों को एडिप एवं आरवीवाई के अंतर्गत दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए गए। आपको बताते चलें कि विशेष वितरण शिविर के माध्यम से कुल 1158 सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिनकी कुल अनुमानित लागत 35.11 लाख रुपए रही। एडिप योजना के अंतर्गत 352 लाभार्थियों को तथा आरवीवाई योजना के अंतर्गत 806 वरिष्ठ नागरिकों को लाभान्वित किया गया।

शिविर के मुख्य अतिथि उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने कहा कि सरकार की योजनाएं दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम हैं। सहायक उपकरणों के माध्यम से लाभार्थियों के दैनिक जीवन को सुगम बनाया जा रहा है, जिससे वे सम्मान पूर्वक जीवन व्यतीत कर सकें।
उपायुक्त ने कहा कि शिविर के अंतर्गत वर्ष 2024 में 9 दिसंबर से 16 दिसंबर तक लाभार्थियों का आकलन किया गया था, जिसके उपरांत उन्हें आज उपकरणों का वितरण किया गया। शिविर में ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, कमोड चेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखी, वाकिंग स्टिक, वॉकर, रोलैटर, नी-ब्रेस, एलएस बेल्ट, कुशन, कृत्रिम अंग एवं अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए।

उपायुक्त बैरवा ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के शिविरों का आयोजन कर दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे, ताकि जिले के सभी दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक अधिक सुविधा, आत्मनिर्भरता और सम्मान के साथ अपना दैनिक जीवन यापन कर सकें। इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी साहिल मांडला, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के वरिष्ठ सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।



