पांगी विधायक ने क्षेत्रवासियों की ओर से सांसद महाजन का जताया आभार
राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने राज्यसभा में उठाया पांगी का मुद्दा
धर्मशाला।
राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन की ओर से राज्यसभा में पांगी की प्रमुख समस्या को प्राथमिकता के आधार पर उठाने पर पांगी के जुझारू जनप्रतिनिधि डॉ जनक राज ने पांगीवासियों की ओर से सांसद महाजन का आभार जताया है। विधायक डॉ जनक राज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने पांगी के दर्द को भारतीय लोकतंत्र के उच्च सदन में उठाया तो सभी पांगीवासियों में उम्मीद जगी की कि अब बहुत जल्द समस्या का समाधान हो जाएगा।
डॉ जनक राज ने भी कहा कि चंबा जिले की पांगी घाटी के लिए हर मौसम में सड़क संपर्क (ऑल-वेदर कनेक्टिविटी) सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। पांगी घाटी एक जनजातीय बहुल क्षेत्र है, जहां लगभग 25 हजार से अधिक जनजातीय लोग रहते हैं। ऐसे में हर साल बर्फ़बारी के चलते यह क्षेत्र करीब आठ महीने तक देश के अन्य हिस्सों से कटे रहते हैं। इसके चलत क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंच गंभीर रूप से प्रभावित होती है। डॉ जनक राज ने कहा कि पांगी घाटी प्राकृतिक दृष्टि से बेहद सुंदर क्षेत्र है। यदि सरकार इसे पूरे वर्ष सड़क संपर्क से जोड़ती है तो पर्यटन, स्थानीय रोजगार और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि एनएच 154A पठानकोट से चंबा तक जुड़ा है और किलाड़ तक मौसमी सड़क उपलब्ध है, लेकिन लेह की ओर लगभग 52 किलोमीटर का महत्वपूर्ण लिंक अभी विकसित किया जाना शेष है। इस लिंक के पूरा होने पर पठानकोट से लेह की दूरी लगभग 800 किलोमीटर से घटकर करीब 450 किलोमीटर तथा पठानकोट से कारगिल की दूरी लगभग 1000 किलोमीटर से घटकर करीब 550 किलोमीटर रह जाएगी।



