“अब तो जख्मों पर नमक छिड़कने का काम हुआ शुरू”
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा, 'राजनीतिक हितों के लिए सुक्खू कानूनी प्रक्रिया की उड़ा रहे धज्जियां'
धर्मशाला।
तीन यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कस्टडी को लेकर दिल्ली और हिमाचल प्रदेश पुलिस के बीच टकराव पर हिमाचल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष राजीव बिंदल ने शनिवार को धर्मशाला में पत्रकार सम्मेलन के दौरान तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत की छवि खराब करने के आरोपी यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हिमाचल सरकार बचा रही है। डॉ बिंदल ने कहा कि गत दिनों जो कुछ हुआ है, वह हिमाचल के इतिहास में कभी नहीं हुआ। उन्होंने सुक्खू सरकार पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कानूनी प्रक्रिया अपनाने के बजाय सरकार ने कानूनी गिरफ्तारी करने आई दिल्ली पुलिस टीम के खिलाफ FIR दर्ज करके कानून लागू करने वाली एजेंसियों के बीच टकराव पैदा कर दिया।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि दिल्ली पुलिस कोर्ट के आदेशों समेत कानूनी प्रक्रिया के तहत हिमाचल प्रदेश आई थी। हालांकि, हिमाचल पुलिस ने कथित तौर पर दिल्ली पुलिस कर्मियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया और उनकी कार्रवाई में बाधा डाली। उन्होंने कहा जब कोई राज्य सरकार राजनीतिक हितों के लिए एक पुलिस बल को दूसरे के खिलाफ खड़ा करती है, तो यह संवैधानिक शासन के लिए सही नही है।
प्रदेश में वन माफिया, खनन माफिया सक्रिय
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश में वन माफिया, खनन माफिया, नशा माफिया, ट्रांसफर माफिया, चिट्टा माफिया सक्रिय है। जो कर्मचारी व अधिकारी कानून की रक्षा के लिए तैनात किए गए हैं वह खुद आज सुरक्षित नहीं है। कांग्रेस ने 40 महीनों में प्रदेश की जनता को 40 जख्म दिए हैं। सरकार जा सबसे पहला फैसला डीज़ल पर 7:50 रुपए वेट बढ़ाकर जनता पर थोपा। सरकार के इस फैसले से हर वर्ग प्रभावित हुआ एक अनुमान के अनुसार सरकार ने 40 महीने में 8000 करोड़ रुपए जनता से वसूले। उसके बाद सरकार ने स्टाम ड्यूटी बढ़ाई, रजिस्ट्रेशन रेट बढ़ाए, बिजली, पानी ओ एचआरटीसी के किराए बढ़ाने के साथ कई बस्तुओं ने रेट बढ़ाकर जनता को परेशान किया।
सरकार की निजी स्कूलों के साथ मिलीभगत
बिंदल ने कहा कि वर्तमान सरकार की निजी स्कूलों के साथ मिलीभगत है। जहां भी स्कूल बंद होते हैं, वहां नया निजी स्कूल खुल जाता है। इससे साफ जाहिर होता है कि कांग्रेस सरकार सरकारी स्कूलों को बंद कर निजी स्कूलों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। सुक्खू सरकार ने 40–45 महीनों में लगभग 45,000 करोड़ रुपए का कर्ज लेकर प्रदेश की आर्थिक स्थिति को बर्बाद कर दिया है। वर्ष 2022 में जनता ने कांग्रेस को प्रदेश का भाग्य सुधारने के लिए चुना था, लेकिन सरकार ने जनता को राहत देने के बजाय स्वयं का भाग्य सुधारने में समय लगाया। अब हालात यह हैं कि सरकार जनता को परेशान कर सड़कों, धरनों और प्रदर्शनों की राजनीति कर रही है।
इस मौके पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व वर्तमान विधायक विपिन सिंह परमार, विधायक पवन काजल, वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, पूर्व मंत्री सरवीन चौधरी, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संजय शर्मा, जिला कांगड़ा भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु व जिला महामंत्री देवेंद्र कोहली, कमल शर्मा, डॉ. विशाल नेहरिया भी उपस्थित रहे।



