धर्मशाला।
तीखी धूप और 26 डिग्री तापमान के बीच आज रविवार को राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हिमाचल प्रदेश ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। अपनी मांगों को लेकर ‘आग्रह रैली’ निकाली जिसमें कांगड़ा जिले के सभी 23 शिक्षा खंडों के हजारों शिक्षकों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले सभी शिक्षकों ने आग्रह रैली के जरिए 23 सितंबर, 2025 को शिक्षा विभाग द्वारा जारी नई परिसर प्रणाली संबंधी अधिसूचना को वापस लेने की मांग उठाई। शिक्षकों ने आरोप लगाते हुए बताया कि 23 सितंबर 2025 की अधिसूचना में प्राथमिक शिक्षा का पूर्ण प्रशासनिक नियंत्रण व संचालन प्रिंसिपल को दे दिया गया, जो प्राथमिक शिक्षकों के हितों के खिलाफ है।
शिक्षकों ने कहा कि वर्ष 1984 से प्राथमिक शिक्षा का अलग ढांचा कार्य कर रहा है और अलग क्लस्टर प्रणाली के तहत प्रशासनिक व्यवस्था संचालित होती रही है। नई व्यवस्था लागू होने से कार्य केंद्रीकृत हो जाएगा, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।



