धर्मशाला दौरा: उप राष्ट्रपति के दौरे को लेकर युद्धस्तर पर हो रही तैयारी
600 से अधिक विद्यार्थियों को डिग्रियां देकर सम्मानित करेंगे उप राष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन

धर्मशाला।
उप राष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन शनिवार 14 मार्च को केंद्रीय विवि धर्मशाला के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। इस मौके पर उप राष्ट्रपति 600 से अधिक विद्यार्थियों को डिग्रियां देकर सम्मानित करेंगे। उप राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए हैं। उप राष्ट्रपति की सुरक्षा को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर 500 से अधिक पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे।
उप राष्ट्रपति के धर्मशाला दौरे को देखते हुए आज वीरवार को सुरक्षा अधिकारियों ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और कांगड़ा एयरपोर्ट के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान निर्णय किया गया कि उप राष्ट्रपति के कांगड़ा एयरपोर्ट पर पहुंचने के दौरान कुछ समय के लिए ट्रैफिक को रोका जाएगा। उप राष्ट्रपति के काफिले के गुजरने के कुछ देर बाद वाहनों की आवाजाही सुचारु कर दी जाएगी। उप राष्ट्रपति कांगड़ा एयरपोर्ट से सीधे सर्किट हाउस पहुंचेंगे।
उप राष्ट्रपति के धर्मशाला दौरे के चलते 14 मार्च को धर्मशाला में हिमाचल के राज्यपाल कविंदर गुप्ता और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। ऐसे में तीन वीवीआईपी अतिथियों के आगमन को देखते हुए धर्मशाला के पुलिस ग्राउंड में वीरवार से काफिले में शामिल होने वाली गाड़ियों का आगमन शुरू हो गया है। उप राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से हरियाणा से जैमर पहुंच गया है। वहीं गवर्नमेंट कॉलेज के ऑडिटोरियम में तैयारियां युद्धस्तर पर चली हुई हैं।



