हिमाचल में बड़ा हादसा: 4 की मौत, 18 को सुरक्षित बचाया
कुल्लू जिले में नेशनल हाईवे-305 पर देर शाम हुआ सड़क हादसा
कुल्लू।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में नेशनल हाईवे-305 पर शनिवार देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में चार लोगों के मारे जाने की सूचना है। बताया जा रहा है कि घीयागी से करीब दो किलोमीटर पीछे सोजा की ओर भ्रागे जान स्थान पर पर्यटकों से भरा एक टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
पुलिस कंट्रोल रूम कुल्लू के अनुसार सोजा के पास एक टेम्पो ट्रैवलर (DL1BC 4958) सड़क से नीचे गिरने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में कुल 22 लोग सवार थे (20 वयस्क और 2 बच्चे)। इनमें से 18 लोगों को बचा लिया गया है और इलाज के लिए सीएच बंजार भेज दिया गया है। दुर्भाग्यवश, मौके पर ही चार लोगों की मृत्यु की सूचना है, जिनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।
स्थानीय प्रशासन, पुलिस, राजस्व विभाग, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय निवासियों द्वारा संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया गया, जिन्होंने इस कार्य में त्वरित और सराहनीय भूमिका निभाई। खोज अभियान अभी भी जारी हैं। विस्तृत जानकारी जैसे ही मिलती है आपके साथ साझा की जाएगी।



