सरकार को दिया 14 मई तक का समय
NH 154-A की बदहाल पर चक्का जाम, विधायक डॉ. जनक का तीखा विरोध
भरमौर/ पांगी।
राष्ट्रीय उच्च मार्ग 154-A की खस्ता हालत पर आज रविवार को पांगी क्षेत्र के विधायक डॉ. जनक राज के नेतृत्व में राख ले पास पर जोरदार चक्का जाम किया गया। इस मौके पर आक्रोशित स्थानीय लोगों ने ही नहीं बल्कि कुछ पर्यटकों ने भी प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए।

विधायक डॉ. जनक राज ने कहा कि एनएच 154-A की बदहाली आम जनता, यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनी हुई है। इस वर्ष प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा आने वाले तीन महीनों में शुरू होने वाली है और सड़क की जर्जर स्थिति के चलते दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है, लेकिन प्रदेश सरकार इस ओर पूरी तरह से उदासीन बनी हुई है।
विधायक डॉ. जनक ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा सड़क के रखरखाव और सुधार के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई जा रही है, लेकिन प्रदेश सरकार इस धन का सही उपयोग नहीं कर रही है। ऐसे में यह सीधा-सीधा जनता के हितों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। डॉ. जनक राज ने कहा कि बार-बार चेतावनी देने और मुद्दा उठाने के बावजूद प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिसके चलते मजबूर होकर जनता के साथ सड़क पर उतरकर विरोध करना पड़ा।

डॉ. जनक राज ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया, तो 15 मई के बाद आंदोलन को और तेज किया जाएगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी। 15 मई से पहले अगर सुधार कार्य नहीं शुरू हुआ तो बीच सड़क में तंबू गाड़ कर अनिश्चितकालीन धरना किया जाएगा। अंत में उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तत्काल प्रभाव से एनएच 154-A के मरम्मत कार्य शुरू किए जाएं ताकि आम जनता को राहत मिल सके।



