हेट स्पीच पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी का स्वागत : सुधीर शर्मा
बोले, कांग्रेस नेताओं की भाषा से देश का आमजन आहत
धर्मशाला।
हिमाचल की पॉलिटिकल कैपिटल धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने हेट स्पीच पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी का स्वागत किया है। सुधीर शर्मा ने हमीरपुर सदर से विधायक आशीष शर्मा के चाचा और भाई को जमानत मिलने को सच्चाई की जीत बताया है।
विधायक सुधीर शर्मा ने धर्मशाला से जारी बयान में कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने हेट स्पीच के मुद्दे पर महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा है कि ऐसी भाषा संविधान के मूल मूल्य बंधुत्व के खिलाफ है और समाज की नैतिक संरचना को कमजोर करती है। सुधीर शर्मा ने कहा कि अदालत ने सभी नागरिकों और सार्वजनिक व्यक्तियों से अपील की कि वे अपने शब्दों के प्रभाव को समझें और जिम्मेदारी के साथ अपनी बात रखें।
शब्दों का सही चयन ही देता है समाज को नई दिशा
विधायक शर्मा ने कहा कि हम सभी को शब्दों का सही चयन करना चाहिए। शब्दों का सही चयन ही समाज को नई दिशा दे सकता है। सुधीर शर्मा ने कहा कि देश भर और हिमाचल में कांग्रेस नेता जिस स्तर की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, उससे आमजन आहत है। ‘हम’ और ‘वे’ की भावना ही समाज में विभाजन का कारण बनती है। सुधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा हर वर्ग का सम्मान करती है। भाजपा ही एकमात्र पार्टी है, जो आम परिवार से जुड़े लोगों को आगे बढऩे का मौका देती है।
जमानत मिलने के फैसला का स्वागत
वहीं सुधीर शर्मा ने हमीरपुर सदर विधायक आशीष शर्मा के चाचा प्रवीण शर्मा और भाई उमेश शर्मा को सेशन जज हमीरपुर अदालत जमानत मिलने के फैसला का स्वागत किया है। बीते 15 अप्रैल को एसीजीएम अदालत से दोनों को पुलिस रिमांड के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। 17 दिन जेल में काटने के बाद अब सेशन जज की अदालत से दोनों को नियमित जमानत मिल गई है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि उन्हें न्याय प्रणाली पर भरोसा है। यह सच्चाई की जीत है। शर्मा ने कहा कि षडयंत्र की राजनीति के लिए प्रदेश में कोई स्थान नहीं है। हिमाचल में सत्तारूढ़ दल कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में काम ठप रखे हैं। आमजन से लेकर कर्मचारी और पेंशनरों को उनका भुगतान नहीं हो रहा है। सरकार की नाकामी से पूरे प्रदेश में काम ठप हैं। जहां भाजपा के विधायक हैं, उन क्षेत्रों में सारे काम जानबूझकर रोके जा रहे हैं। जनता निकाय और पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस को करारा जवाब देगी।



