‘CM को गालियां देना देवभूमि के संस्कार नहीं’
कांग्रेस राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा का भाजपा नेता पर तीखा हमला
धर्मशाला।
हिमाचल प्रदेश की राजनीति में शब्दों की मर्यादा और आचरण को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ने एक भाजपा नेता की कार्यशैली पर गहरा क्षोभ व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के विरुद्ध अभद्र भाषा का प्रयोग करना देवभूमि हिमाचल के संस्कार और संस्कृति के पूरी तरह खिलाफ है।
अनुराग शर्मा राज्यसभा सांसद ने आरोप लगाया कि एक विशिष्ट भाजपा नेता की दिनचर्या विकास की चर्चा से नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री को अपशब्द कहने से शुरू होती है। अनुराग शर्मा ने कहा, “हम सुबह उठकर ईश्वर और अपने परिवार का नाम लेते हैं, लेकिन यहां एक ऐसे नेता हैं जिनका एकमात्र उद्देश्य मुख्यमंत्री को गालियां देना रह गया है। धर्मशाला के विकास के मुद्दों पर उनकी चुप्पी यह बताती है कि वे जनहित के बजाय केवल व्यक्तिगत द्वेष की राजनीति कर रहे हैं।”
मुख्यमंत्री के शारीरिक कद (हाइट) को लेकर की गई एक विवादास्पद टिप्पणी का कड़ा विरोध करते हुए कांग्रेस नेता अनुराग शर्मा ने इसे प्रदेश की जनता का अपमान बताया। अनुराग शर्मा ने तर्क दिया, ‘हिमाचल प्रदेश के करीब 70 फीसदी लोगों का कद ऐसा ही है। किसी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति या किसी भी नागरिक के खिलाफ ऐसी निजी टिप्पणी करना आपके गिरते हुए संस्कारों को दर्शाता है। प्रधानमंत्री हों या मुख्यमंत्री, हमें निजी हमलों से परहेज करना चाहिए।”
भाजपा में मचे आंतरिक कलह पर तंज कसते हुए राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि पार्टी में पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को योजनाबद्ध तरीके से दरकिनार किया गया है, जिसके कारण आज भाजपा विघटन की कगार पर है। उन्होंने ऐसे ‘विक्षुब्ध’ नेताओं को कांग्रेस में आने का न्योता देते हुए कहा, “भाजपा से बाहर का रास्ता दिखाए गए पुराने नेताओं के लिए कांग्रेस के दरवाजे हमेशा खुले हैं। यदि वे हमारी पार्टी की विचारधारा को अपनाना चाहते हैं, तो उनका स्वागत है।”



