राजनीतिवीडियोहिमाचल प्रदेश

HRTC का कोई भी रूट बंद नहीं, कर्मचारियों के बकाया भत्तों के लिए 20 करोड़ का रोडमैप तैयार: अजय वर्मा

15 नई इलेक्ट्रिक बसें जल्द मिलेंगी

धर्मशाला।

हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने निगम की कार्यप्रणाली को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है। धर्मशाला में पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में निगम का कोई भी रूट बंद नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि परिचालन को आर्थिक रूप से व्यावहारिक बनाने के लिए कम यात्री संख्या वाले रूटों को ‘क्लब’ (एक साथ जोड़ना) जरूर किया जाता है, लेकिन सेवा पूरी तरह सुचारू है।

पर्यटन सीजन के लिए विशेष तैयारी
अजय वर्मा ने बताया कि वर्तमान में पर्यटन सीजन के चलते धर्मशाला-चंडीगढ़, धर्मशाला-दिल्ली और बीड़-दिल्ली जैसे प्रमुख रूटों पर बसों में भारी भीड़ उमड़ रही है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए निगम न केवल पूरी क्षमता के साथ बसें चला रहा है, बल्कि मांग के अनुसार अतिरिक्त (स्पेशल) बसों का भी संचालन किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कहीं भी यात्रियों की संख्या बढ़ने पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।

नई इलेक्ट्रिक बसों से सुधरेगा सफर
सोशल मीडिया पर बसों की डिलीवरी को लेकर फैली खबरों को निराधार बताते हुए उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने कहा कि 150 नई इलेक्ट्रिक बसें निगम को प्राप्त हो चुकी हैं, जो वर्तमान में सोलन में खड़ी हैं। अगले 4-5 दिनों के भीतर इन्हें विभिन्न डिवीजनों में भेज दिया जाएगा। पहले चरण में कांगड़ा डिवीजन के हिस्से में 15 इलेक्ट्रिक बसें आएंगी, जबकि दूसरे चरण में 15 से 20 और बसें मिलने की उम्मीद है।

कर्मचारियों के हित में बड़े फैसले
HRTC कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल और उनकी मांगों पर अजय वर्मा ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के प्रति बेहद संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि वर्षों से लंबित ओवरटाइम और नाइट अलाउंस का भुगतान चरणबद्ध तरीके से शुरू कर दिया गया है। कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों के मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए मार्च 2026 तक करीब 20 करोड़ रुपए जारी करने का लक्ष्य रखा गया है।

अजय वर्मा ने हड़ताल वापस लेने के लिए कर्मचारी संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि HRTC प्रतिदिन लगभग पांच लाख लोगों को सेवाएं प्रदान करता है। ऐसे में जनता के हितों की रक्षा करना सरकार और कर्मचारी दोनों की साझा जिम्मेदारी है। निगम का एकमात्र लक्ष्य प्रदेश की जनता को सुरक्षित, सुलभ और आधुनिक परिवहन सेवा उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!