यूथराष्ट्रीयहिमाचल प्रदेश

कांगड़ा में 10 से ‘मेरा युवा भारत’ का विशेष आवासीय प्रशिक्षण शिविर

छैब में चार जिलों के स्वयंसेवकों के लिए सजेगी 6 दिवसीय नेतृत्व कार्यशाला

धर्मशाला।

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वाधान में ‘मेरा युवा भारत’ कांगड़ा की ओर से युवाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। कांगड़ा के छैब स्थित ‘क्षेत्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण प्रशिक्षण केंद्र’ में आगामी 10 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक छह दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

‘मेरा युवा भारत’ कांगड़ा के उप निदेशक ध्रुव डोगरा ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में हिमाचल प्रदेश के चार प्रमुख जिलों ऊना, सिरमौर, शिमला और किन्नौर के चुनिंदा युवा स्वयंसेवक भाग लेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास और सामुदायिक सहभागिता की भावना को सुदृढ़ करना है, ताकि वे राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकें।

उप निदेशक डोगरा ने बताया कि इस 6 दिवसीय कार्यशाला के माध्यम से युवाओं को न केवल सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति जागरूक किया जाएगा, बल्कि उन्हें आधुनिक कौशल से भी लैस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर युवाओं के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने और उन्हें समाज के प्रति अधिक संवेदनशील व सक्रिय बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।

10 अगस्त को आयोजित होने वाले उद्घाटन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य अतिथि शिरकत करेंगे और युवा स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करेंगे। इस आयोजन को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि यह मंच उन्हें एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने और राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से जुड़ने का अनूठा अवसर प्रदान करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!