आशा कार्यकर्ताओं की बुलंद होगी आवाज: अनीता देवी को सौंपी जिम्मेदारी
शाहपुर ब्लॉक में नई टीम का चुनाव
शाहपुर।
भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध आशा कार्यकर्ता संघ, ब्लॉक शाहपुर का अधिवेशन आज संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण बैठक में संगठन की मजबूती और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा के साथ-साथ नई कार्यकारिणी का निर्विरोध चुनाव किया गया, जिसमें अनीता देवी को सर्वसम्मति से ब्लॉक शाहपुर का नया अध्यक्ष चुना गया।
यह अधिवेशन जिला अध्यक्ष सरला राणा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भारतीय मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष मदन राणा और आशा संघ की प्रदेश महासचिव शशि लता ने शिरकत की। उनके साथ भारतीय मजदूर संघ की जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष एवं आशा कार्यकर्ता संघ की सचिव कल्पना रंधावा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
नई कार्यकारिणी का विस्तार
अधिवेशन के दौरान लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन करते हुए आगामी कार्यकाल के लिए पदाधिकारियों की घोषणा की गई। नई टीम में अनीता देवी को ब्लॉक शाहपुर का प्रधान चुना गया, जबकि ज्योति देवी को सचिव, जबकि निशा और नीलम को उपाध्यक्ष का उत्तरदायित्व सौंपा गया है। संगठन के प्रशासनिक कार्यों के लिए आशू और अनू को सह-सचिव और कामिनी को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, रेशम को संगठन के सलाहकार पद की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अतिरिक्त, कार्यकारिणी सदस्य के रूप में सरिता, शशि, सरिता शर्मा, किरण चौधरी, रेनू और शांति सहित कई अन्य आशा कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है।
नवनियुक्त अध्यक्ष अनीता देवी ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह आशा कार्यकर्ताओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगी और उनके हक की लड़ाई को और सशक्त बनाएंगी। प्रदेशाध्यक्ष मदन राणा ने नई टीम को बधाई देते हुए एकजुटता के साथ काम करने का आह्वान किया।



