क्राइमयूथस्वास्थ्यहिमाचल प्रदेश

नशा तस्करों की कमाई अब जनता की होगीः मुख्यमंत्री सुक्खू

नशा माफिया के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता

शिमला।

नशे के कारोबार से करोड़ों रुपए की अवैध संपत्ति अर्जित करने वालों को अब अपनी आय का हिसाब देना होगा। नशा बेचकर आलीशान कोठियां, होटल और दुकानें बनाई गई हैं। जमीन और महंगी गाड़ियां खरीदी गई। यह पैसा और सम्पत्ति गरीबों और उन परिवारों की है जिनके बच्चे नशे के जाल में फंसाए गए हैं। यह कहना है मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और लगभग 3.27 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त करने के लिए नूरपुर पुलिस को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा नशे के कारोबार के खिलाफ निर्णायक जंग जारी है और नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों को जब्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों की कमाई का हर रुपया अब जनता का होगा। उन्होंने कहा कि नशे की कमाई से बनाई गई संपत्ति वास्तव में उन परिवारों की कीमत पर अर्जित होती है, जिनके बच्चे इस गंभीर सामाजिक बुराई का शिकार हो जाते हैं। नूरपुर में जब्त की गई संपत्तियों में आलीशान कोठी, भूमि, होटल, दुकानें, वाहन और बैंक खाते शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई नशा माफिया के लिए स्पष्ट संदेश है कि प्रदेश में उनके लिए कोई स्थान नहीं है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार की कार्रवाई केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। सरकार का लक्ष्य नशे के पूरे नेटवर्क, उसकी आर्थिक व्यवस्था और उससे अर्जित अवैध संपत्ति को पूरी तरह ध्वस्त करना है। पुलिस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को इस दिशा में पूरी स्वतंत्रता दी गई है तथा उन्हें राज्य सरकार द्वारा हरसंभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

पुलिस जिला नूरपुर में अब तक 17 मामलों में 29.95 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। यह नशा माफिया के विरुद्ध प्रदेश सरकार की सख्त नीति और पुलिस की प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और इसे नशे की गिरफ्त में फंसाने के प्रयासों को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए नशे के कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति और पूरे नेटवर्क के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रखेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद पीआईटी-एनडीपीएस कानून को लागू कर आदतन अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की गई है और उन्हें सलाखों के पीछे भेजा गया है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने आम जनता से अपील की कि नशे के कारोबार से संबंधित किसी भी सूचना को पुलिस के साथ साझा करें, ताकि समाज को इस गंभीर बुराई से मुक्त किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ नशा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर तक नशा माफिया की मैपिंग की गई है और नशे तस्करी के कारोबार से जुड़े लोगों तथा उनके नेटवर्क के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ लड़ाई को प्रतिबद्धता के साथ जारी रखेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!