टांडा मेडिकल कॉलेज की बदहाली पर सुधीर शर्मा का सरकार पर तीखा हमला
कहा, पैरासिटामोल और रुई-इंजेक्शन के लिए भी बाहर भटक रहे मरीज
धर्मशाला।
धर्मशाला के भाजपा विधायक एवं फायर ब्रांड नेता सुधीर शर्मा ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि कभी धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे जिला कांगड़ा का गौरव रहा टांडा मेडिकल कॉलेज आज खुद बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था की तस्वीर बनकर रह गया है। हालत यह है कि अस्पताल की व्यवस्था वेंटिलेटर पर पहुंच गई है और सरकार गहरी नींद में सोई हुई है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि टांडा जैसे प्रदेश के सबसे बड़े मेडिकल संस्थानों में मरीजों को पैरासिटामोल जैसी सामान्य दवा तक उपलब्ध नहीं हो पा रही है। रुई से लेकर इंजेक्शन, दवाइयों से लेकर जरूरी जांच तक के लिए मरीजों को बाहर मेडिकल स्टोरों और निजी लैब का रुख करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। गरीब मरीज सरकारी अस्पताल में मुफ्त और बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर आता है, लेकिन उसे हजारों रुपए अपनी जेब से खर्च करने पड़ रहे हैं।
भाजपा विधायक ने कहा कि डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी अपनी पूरी क्षमता के साथ मरीजों की सेवा कर रहे हैं, लेकिन सरकार उन्हें जरूरी दवाइयां और संसाधन तक उपलब्ध नहीं करवा पा रही है। उन्होंने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री से सवाल किया कि आखिर उन्हें टांडा की इस दुर्दशा की जानकारी है या नहीं। यदि जानकारी है तो व्यवस्था सुधारने के लिए कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे और यदि जानकारी नहीं है तो यह सरकार की गंभीर लापरवाही है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर रही है, लेकिन धरातल पर सच्चाई बिल्कुल अलग है। करोड़ों रुपए के बजट का आखिर उपयोग कहां हो रहा है, इसकी जवाबदेही सरकार को जनता के सामने तय करनी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधा भी प्रदेशवासियों को उपलब्ध नहीं करवा पा रही है।
उन्होंने मांग की कि टांडा मेडिकल कॉलेज में तत्काल सभी आवश्यक और जीवनरक्षक दवाइयों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। मरीजों को बाहर से दवाइयां और अन्य चिकित्सा सामग्री खरीदने के लिए मजबूर करने की व्यवस्था तुरंत बंद की जाए। साथ ही स्वास्थ्य मंत्री स्वयं टांडा मेडिकल कॉलेज का दौरा कर वास्तविक स्थिति का जायजा लें।
सुधीर शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि टांडा मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में जल्द सुधार नहीं किया गया और मरीजों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध नहीं करवाई गईं तो भाजपा धर्मशाला जनता के साथ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।



