Job : हमीरपुर और सुजानपुर में आज साक्षात्कार

हमीरपुर
बद्दी की कंपनी जुपिटर सोलरटैक प्राइवेट लिमिटेड में ट्रेनी के कुल 250 पदों को भरने के लिए 10 नवंबर को सुबह 10 बजे जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार लेगी। इनमें से 200 पद आईटीआई डिप्लोमाधारक महिला एवं पुरुष उम्मीदवारों के लिए हैं। अभ्यर्थी वर्ष 2023, 2024 या 2025 के पासआउट होने चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को 14 हजार रुपए मासिक वेतन मिलेगा।
इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, ईसीई, मैकेनिकल और केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक डिग्रीधारक पुरुष उम्मीदवारों के लिए 50 पद रखे गए हैं। अभ्यर्थी वर्ष 2022, 2023, 2024 या 2025 के पासआउट होने चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को 25 हजार रुपए मासिक वेतन मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
वहीं एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए हमीरपुर की ओर से सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 10 नवंबर को सुबह 11 बजे उप रोजगार कार्यालय सुजानपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। 10वीं फेल या 10वीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 52 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा उन्हें 17,500 रुपए से लेकर 23 हजार रुपए तक मासिक वेतन एवं अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।



