दीपावली से पहले होगा सेंट्रल यूनिवर्सिटी के देहरा परिसर का लोकार्पण: अनुराग ठाकुर
बोले, विकास कार्यों में न हो राजनीति, पीएम मोदी ने दिए हैं हिमाचल को बड़े प्रोजेक्ट
देहरा
देहरा विधानसभा क्षेत्र के हरिपुर में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखे राजनीतिक प्रहार किए। उन्होंने उपचुनाव के बाद क्षेत्र के विकास की गति धीमी रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की पत्नी कमलेश ठाकुर के विधायक बनने के बावजूद जनता की उम्मीदें पूरी नहीं हो पाई हैं।
सड़कों के निर्माण और प्रोटोकॉल पर सवाल
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि स्थानीय लोगों ने नई सड़कों के निर्माण और उनके रखरखाव के लिए कई प्रस्ताव दिए हैं, लेकिन धरातल पर कई कार्य अब तक अटके हुए हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चल रहे कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उद्घाटन समारोहों में स्थानीय सांसद को आमंत्रित नहीं किया जाता और न ही उद्घाटन पट्टिका पर नाम दर्ज किया जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विकास कार्यों को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर रखकर केंद्र और प्रदेश सरकार को आपसी तालमेल से काम करना चाहिए।
दीपावली से पहले केंद्रीय विश्वविद्यालय के लोकार्पण की उम्मीद
हरिपुर में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान अनुराग ठाकुर ने बहुप्रतीक्षित हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के देहरा स्थित स्थायी परिसर के निर्माण को लेकर सबसे बड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि परिसर का 90 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और दीपावली से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर-कमलों द्वारा इसके लोकार्पण की पूरी उम्मीद है।
फंड से जुड़ी बाधाओं के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति और केंद्रीय मंत्री से विस्तार से चर्चा की है। जो भी तकनीकी या वित्तीय अड़चनें थीं, उन्हें दूर करने के प्रयास तेजी से जारी हैं। वर्तमान में यह संस्थान देहरा, शाहपुर और धर्मशाला के अस्थायी परिसरों से संचालित हो रहा है, लेकिन स्थायी परिसर तैयार होने के बाद शैक्षणिक गतिविधियां एक छत के नीचे संचालित हो सकेंगी।
संगठनात्मक बैठक और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी
अनुराग ठाकुर ने स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ एक अहम बैठक कर संगठनात्मक रणनीतियों पर चर्चा की और जनसमस्याएं सुनीं। इस अवसर पर डॉ. सुकृत सागर, नितिन ठाकुर, संजीव शर्मा, अजय खट्टा, सुशील कालिया, उपिंदर कुमार, वीरेंद्र भूरिया, रणजीत गुलेरिया और शिवेंद्र सैणी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



