बोह घाटी त्रासदी: सुधीर शर्मा ने आपदा पीड़ितों के जख्मों पर लगाया मरहम
बारिश के बीच ग्राउंड जीरो पर 'जननायक' प्रभावितों का दर्द सुनने पहुंचे, हर परिवार को दिए 25-25 हजार रुपए
धर्मशाला।
धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा वीरवार सुबह एक संवेदनशील जननायक की भूमिका में नजर आए। बोह घाटी में हुई भारी बारिश और प्राकृतिक आपदा के बाद सुधीर शर्मा खराब मौसम और बारिश की बौछारों के बीच राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बोह में बनाए गए राहत शिविर में पहुंचे। इस दौरान सुधीर शर्मा ने आपदा की मार झेल रहे परिवारों से मुलाकात की और उनकी पीड़ा को करीब से महसूस किया।

सुधीर शर्मा ने जब प्रभावित परिवार के एक-एक शख्स से आपबीती सुनी, तो वह स्वयं भी भावुक हो गए। आपदा के चलते अपना आशियाना और जमा-पूंजी सहित सब कुछ खो चुके लोगों के लिए विधायक सुधीर शर्मा का वहां पहुंचना एक बड़ा मानसिक संबल साबित हुआ। सुधीर शर्मा ने न केवल सहानुभूति जताई, बल्कि संकट की इस घड़ी में संवेदनशीलता दिखाते हुए हर प्रभावित परिवार को अपनी ओर से 25-25 हजार रुपए की फौरी राहत राशि वितरित की। साथ ही बहुत जल्द और आर्थिक मदद करने की बात कही।

इस दौरान बेहद मार्मिक दृश्य तब देखने को मिला जब विधायक सुधीर शर्मा ने आपदा की शिकार राणो देवी को आर्थिक सहायता प्रदान की। मदद पाकर राणो देवी फफक-फफक कर रो पड़ीं। सुधीर शर्मा ने एक राजनेता के बजाय एक बेटे की तरह उन्हें ढांढस बंधाया और विश्वास दिलाया कि वह इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़े हैं। सुधीर शर्मा ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी प्रभावितों के पुनर्वास और सहायता के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

सुधीर शर्मा ने कहा कि तत्काल जरूरत कपड़े, बर्तन और रहने की व्यवस्था की है। साथ ही सरकार से प्रभावित परिवारों को शीघ्र भूमि, आवास सहायता और मलबा हटाने के लिए मशीनें तथा एसडीआरएफ की स्थायी तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की। सुधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार राहत कार्यों में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावितों को जल्द मुख्यधारा में लाना सरकार की जिम्मेदारी है और राहत कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता है। प्रभावित परिवार अब राहत शिविरों में शरण लेने को मजबूर हैं और सरकार से जल्द पुनर्वास की मांग कर रहे हैं। शाहपुर से भाजपा नेता कमल शर्मा ने पीड़ित परिवारों को अपनी ओर से 5-5 हजार रुपए वितरित किए।
संकट की इस घड़ी में विधायक सुधीर शर्मा की इस त्वरित सहायता और मानवीय दृष्टिकोण की स्थानीय जनता ने सराहना कर रही है।


