शिक्षाहिमाचल प्रदेश

‘नीट’ विवाद पर कांग्रेस का देशव्यापी शंखनाद: गांव-गांव जाकर केंद्र की ‘विफलताओं’ को उजागर करेंगे कार्यकर्ता

सांसद अनुराग शर्मा ने कहा, केंद्र सरकार इसे रोकने में अक्षम क्यों साबित हो रही है

धर्मशाला।

नीट (NEET) परीक्षा के आयोजन और बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने अब एक गंभीर राजनीतिक मोड़ ले लिया है। धर्मशाला में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दो-टूक शब्दों में कहा कि एनटीए अब महज एक एजेंसी नहीं, बल्कि स्वयं में एक ‘बड़ा स्कैम’ बन चुकी है, जो देश के लाखों होनहार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

सांसद अनुराग शर्मा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की पुरजोर मांग करते हुए कहा कि जब देश की प्रतिष्ठित परीक्षा प्रणाली पर बार-बार सवाल उठ रहे हों, तो नैतिकता के आधार पर जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल किया कि आखिर हर वर्ष पेपर लीक की पुनरावृत्ति क्यों हो रही है और सरकार इसे रोकने में अक्षम क्यों साबित हो रही है?

छात्रों की पीड़ा और ‘सिस्टम’ की विफलता
सांसद अनुराग शर्मा ने पेपर लीक के कारण छात्रों और उनके परिवारों को होने वाली मानसिक प्रताड़ना का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस अव्यवस्था के चलते कई छात्रों द्वारा आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाना अत्यंत हृदयविदारक है। कांग्रेस पार्टी इसकी कड़ी निंदा करती है। उन्होंने चिंता जताई कि निरंतर होती ऐसी घटनाओं से युवाओं का देश की परीक्षा प्रणाली और पारदर्शी चयन प्रक्रिया से विश्वास पूरी तरह उठता जा रहा है।

कांग्रेस का देशव्यापी जनसंपर्क अभियान
एनटीए की कार्यप्रणाली को संदिग्ध बताते हुए शर्मा ने इसकी निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने घोषणा की कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरने के लिए आज से एक व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर युवाओं और अभिभावकों को केंद्र सरकार की नीतियों की खामियों और परीक्षा प्रणाली में व्याप्त भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक करेंगे।

सांसद ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के हक की लड़ाई को संसद से लेकर सड़क तक जारी रखेगी और जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक चुप नहीं बैठेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!